Lucknow Weather: लखनऊ में कोल्ड-डे अलर्ट के बीच बर्फीली हवाएं; जानें कब मिलेगी राहत

Lucknow Weather: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और गलन ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं और दिन के समय भी कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनी हुई है।

Lucknow Weather: पहाड़ पर हो रही बर्फबारी और मैदानी राज्यों में चल रही हवाओं ने पारा को गिरा दिया है। लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना झालना पड़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पूर्व के राज्यों में अगले एक सप्ताह तक शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद से लोगों को ठंड से राहत मिल सकती है। वहीं, मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों तक मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार में अधिकतर स्थानों पर शीतलहर के आसार हैं।

लखनऊ में तापमान सामान्य से नीचे

मौसम विभाग ने राजधानी में दिन के समय कोल्ड-डे को लेकर अलर्ट जारी किया है। बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से लगभग चार डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे दर्ज हुआ। नमी का स्तर करीब 70 फीसदी रहने से सर्दी का असर और ज्यादा महसूस किया गया।

30 जिलों में कोहरा

प्रदेश के कई हिस्सों में अभी भी ठंड और कोहरे का असर बना हुआ है। गुरुवार सुबह आगरा, गोरखपुर समेत करीब 30 जिले घने कोहरे की चपेट में रहे, जहां कुछ स्थानों पर दृश्यता 10 मीटर तक सिमट गई। लखनऊ, कानपुर सहित 26 जिलों में दिनभर कोल्ड-डे जैसी स्थिति रही और धूप निकलना मुश्किल हो गया।

कड़ाके की सर्दी को देखते हुए प्रदेशभर में कक्षा 8 तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद रखे गए हैं। उच्च कक्षाओं के स्कूल सीमित समय यानी सुबह 10 बजे से खोले जा रहे हैं। कुछ जिलों में 12वीं तक के स्कूलों को भी अस्थायी रूप से बंद किया गया है। कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है और कई ट्रेनें व उड़ानें देरी से चल रही हैं।

सबसे ठंडे जिले और आगे का पूर्वानुमान

बीते 24 घंटों में आजमगढ़ और अयोध्या सबसे ठंडे दर्ज किए गए, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गोरखपुर, चुर्क और अलीगढ़ में भी पारा 7 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 9 जनवरी को पूर्वी यूपी में घना कोहरा बना रह सकता है, जबकि 10 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने से तापमान में करीब दो डिग्री की और गिरावट संभव है।

Back to top button