
UP News: बिजनौर में सनसनी: अस्पताल में घुसकर डॉक्टर की गोली मारकर हत्या
Bijnor Doctor Murder: बिजनौर जिले के नगीना कस्बे में गुरुवार शाम एक निजी अस्पताल के भीतर घुसकर बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर राजकुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
Bijnor Doctor Murder: यूपी के बिजनौर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर हॉस्पिटल में घुसकर एक डॉक्टर पर चाकू से वार किया गया और फिर उसके सीने में गोली मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। बाइक सवार हमलावर मरीज का तीमारदार बनकर शिवालय हेल्थ केयर सेंटर पहुंचा था। अंदर केबिन में अस्पताल संचालक डॉ. राजकुमार मरीज देख रहे थे। हमलावर ने अपने दो साल के बेटे की जांच रिपोर्ट्स बैग से निकालकर रखी। डॉ. राजकुमार रिपोर्ट्स देख ही रहे थे कि साथी डॉक्टर, स्टाफ और मरीजों के सामने ही आरोपी ने बैग से तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी।
एमडी बाल रोग विशेषज्ञ की मर्डर
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगीना के धामपुर रोड पर हीरो होंडा शोरूम के पास स्थित शिवालय हेल्थ केयर सेंटर में 45 साल के डॉक्टर राजकुमार, जो एमडी बाल रोग विशेषज्ञ बताए जा रहे हैं, अपने केबिन में मरीज देख रहे थे. इसी दौरान शाम करीब 6:40 बजे एक अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचा और सीधे डॉक्टर के केबिन में घुस गया. बताया जा रहा है कि हमलावर ने नजदीक से डॉक्टर पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
क्यों दिया इस वारदात को अंजाम?
पुलिस को सूचना मिली और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पूछताछ में स्टाफ ने बताया कि डॉक्टर राजकुमार अपने केबिन में बैठे थे। तभी एक युवक अस्पताल में आया और कहने लगा कि मुझे अपने बेटे का पर्चा दिखाना है और डॉक्टर राजकुमार के केबिन में घुस गया। इसके बाद उसने गर्दन और सीने पर चाकू से वार किए और फिर फायर कर दिया। गोली डॉक्टर के सीने में लगी। अत्यधिक खून निकलने से उनकी मौत हो गई।
न कोई धमकी, न कोई दुश्मनी
नगीना के पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने आजतक को बताया कि डॉक्टर को पहले किसी प्रकार की धमकी नहीं मिली थी और इस संबंध में उन्होंने पुलिस में कोई शिकायत भी दर्ज नहीं कराई थी. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए हर एंगल से जांच कर रही है.
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और जांच में जुट गई। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और हत्याकांड की वजह भी पुलिस तलाश रही है।





