UP News: शव यात्रा में मधुमक्खियों ने मचाया तांडव, अर्थी को छोड़कर भागे लोग

UP News: उन्नाव में अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों ने ग्रामीणों पर अचानक हमला कर दिया. शव लेकर खेत पहुंचे 50 से 60 लोग जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे और शव वहीं छूट गया।

UP News: यूपी के उन्नाव जिले में अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुए इस हमले में करीब दो दर्जन ग्रामीण घायल हो गए। मधुमक्खियों के डंक से बचने के लिए लोग खेतों और झाड़ियों में भागते नजर आए। हालात ऐसे हो गए कि कुछ देर के लिए शव को भी वहीं छोड़ना पड़ा। घटना अजगैन कोतवाली क्षेत्र के अहिमाखेड़ा गांव की है। गांव निवासी 65 वर्षीय सुंदर लाल की गुरुवार सुबह मौत हो गई थी। परिजन और ग्रामीण उनका अंतिम संस्कार करने के लिए शव को गांव के बाहर स्थित उनके खेत में लेकर पहुंचे थे।

ग्रामीणों पर मधुमक्खियों ने किया हमला

बताया गया कि शवयात्रा में करीब 50 से 60 ग्रामीण शामिल थे. जैसे ही मधुमक्खियों ने हमला किया, लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे. कोई सरसों के खेत में घुस गया तो कोई गेहूं के खेत और झाड़ियों में छिप गया. बावजूद इसके मधुमक्खियों के हमले से करीब दो दर्जन लोगों को डंक लग गए।

घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल ग्रामीणों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने सभी का इलाज किया और उन्हें इंजेक्शन व दवाइयां दी गईं. घटना में घायल हुए मिलन और नौमी लाल ने बताया कि मृतक सुंदर लाल के अंतिम संस्कार के लिए सभी लोग शव को खेत लेकर गए थे.

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया 

खेत के पास एक बाग में खिन्नी का पेड़ है, जिसमें मीठे फल लगते हैं, जो देखने में जामुन जैसे लगते हैं. उसी पेड़ पर बड़ी मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था. जैसे ही शव खेत पहुंचा मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया और सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे.

ये भी पढ़े- UP में बंदरों का आतंक! छत पर खाना खा रहे दिव्यांग किसान की गई जान

बाद में जब स्थिति सामान्य हुई और मधुमक्खियां शांत हुईं तो ग्रामीण दोबारा मौके पर पहुंचे। इसके बाद सुंदर लाल का अंतिम संस्कार किया गया।

बताते है कि मधुमक्खियों के हमले में करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। परिजन घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे। जिनमें करीब 20 लोग सीएचसी नवाबगंज पहुंचे और अन्य घायल निजी अस्पताल में इलाज कराने चले गए।

Back to top button