
UP PET अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत, रेलवे चलाएगा कई स्पेशल ट्रेन
UPSSSC PET Exam: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET 2026) में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए रेलवे प्रशासन ने आवागमन को सुगम बनाने के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ और सीटों की किल्लत से बचाने के लिए रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों (Special Trains) का संचालन करने का निर्णय लिया है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न प्रमुख रूटों पर चलने वाली इन स्पेशल ट्रेनों से छात्रों को आवाजाही में काफी सहूलियत मिलेगी।
इन रूट पर विशेष संचालन
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, परीक्षा के दिनों में यात्रियों के अत्यधिक दबाव को देखते हुए इज्जतनगर और उत्तर प्रदेश के अन्य मंडलों से विशेष गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है:
-
बरेली-मथुरा कैंट स्पेशल ट्रेन (05310/05309): यह ट्रेन 25, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को संचालित होगी। गाड़ी संख्या 05310 बरेली से सुबह 04:00 बजे प्रस्थान कर बदायूं (05:00 बजे), कासगंज (06:10 बजे), हाथरस सिटी (07:22 बजे) होते हुए सुबह 08:30 बजे मथुरा कैंट पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05309 मथुरा कैंट से शाम 18:10 बजे चलकर रात 23:00 बजे बरेली वापस लौटेगी।
-
लखनऊ-इज्जतनगर-बरेली स्पेशल ट्रेन (05011/05012): यह गाड़ी लखनऊ जंक्शन से रात 23:35 बजे चलकर सीतापुर, लखीमपुर, मैलानी, पीलीभीत और भोजीपुरा के रास्ते सुबह 07:45 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 05012 बरेली जंक्शन से शाम 18:00 बजे प्रस्थान कर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए लखनऊ पहुंचेगी।
-
शाहजहांपुर-बिजनौर स्पेशल ट्रेन (04325/04326): यह ट्रेन शाहजहांपुर से सुबह 07:10 बजे चलकर बरेली (08:10 बजे), रामपुर, मुरादाबाद और गजरौला के रास्ते दोपहर 14:00 बजे बिजनौर पहुंचेगी। वापसी में यह बिजनौर से शाम 18:55 बजे चलकर अगले दिन तड़के शाहजहांपुर पहुंचेगी।
परीक्षार्थियों के लिए विशेष निर्देश
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से परीक्षा देने वाले छात्रों को सुगम और समय पर यात्रा करने का अवसर मिलेगा। परीक्षा केंद्रों की ओर जाने वाले सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले ट्रेनों के संशोधित समय और शेड्यूल की आधिकारिक पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। स्टेशनों पर सुरक्षा और सहायता के लिए अतिरिक्त इंतजाम भी किए गए हैं।





