हत्यारोपी पहलवान सुशील कुमार गिरफ्तार, एक लाख रुपये का था इनाम

पहलवान सुशील कुमार (file photo)

नई दिल्ली। दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम की पार्किंग में सागर धनखड़ की हत्या के मामले में पहलवान सुशील कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) पी एस कुशवाहा ने रविवार को बताया कि सुशील कुमार (38) और उनके सहयोगी अजय उर्फ सुनील (48) को मुंडका से गिरफ्तार किया गया। बता दें कि दिल्ली पुलिस ने सुशील कुमार पर एक लाख व अजय पर 50हजार रुपये का इनाम रखा था।

गौरतलब है कि सुशील कुमार और कुछ अन्य पहलवानों द्वारा 4 मई की रात को छत्रसाल स्टेडियम परिसर में की गयी मारपीट में सागर राणा की मौत हो गयी थी, वहीं सागर के दोस्त सोनू तथा अमित कुमार घायल हो गये थे।

दिल्ली की एक अदालत ने सुशील को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था। अदालत ने कहा था कि कुश्ती खिलाड़ी सुशील प्रथमदृष्टया मुख्य षड्यंत्रकर्ता हैं और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप गंभीर हैं। सुशील और छह अन्य के खिलाफ इस मामले में गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। इससे पहले पहलवान सुशील के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था।

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 302 (हत्या), 308 (गैर इरादतन हत्या), 365 (अपहरण), 325 (गंभीर चोट पहुंचाना), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 341 (गलत तरीके से रोकना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

भारतीय दंड संहिता की धाराओं 188 (लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा), 269 (लापरवाही के कारण बीमारी का संक्रमण फैलने की संभावना), 120-बी (आपराधिक साजिश) और 34 (साझा इरादा) तथा शस्त्र कानून की विभिन्न धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

Back to top button