इंडोनेशिया में लगी भीषण आग, छह बच्चों समेत 11 मरे

जकार्ता। इंडोनेशिया के सेंट्रल पापुआ प्रांत के पानियाई स्थित एक बाजार में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जिनमें छह बच्चे भी शामिल थे। ये आग तेजी से आस-पास की दुकानों और घरों में फैल गई। पुलिस ने बताया कि फायर फाइटर्स की ओर से फायर ट्रक और वॉटर कैनन के इस्तेमाल के बावजूद आग तीन घंटे तक धधकती रही।

स्थानीय पुलिस प्रवक्ता हेनरी जे. मानुरुंग ने बताया कि अधिकारियों को घटनास्थल की जांच के दौरान पीड़ित मिले, जो सभी बुरी तरह जल गए थे। मरने वालों में पांच वयस्क थे, जबकि बाकी छह बच्चे थे जिनकी उम्र दो से नौ साल के बीच थी। अधिकारी आग लगने के कारण का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। इस आग की चपेट में इलाके के कुल 40 इमारतें आ गई थीं।
बाजार और आस-पास की इमारतों के बहुत पास-पास बने होने के कारण फायर फाइटर्स के लिए आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। हेनरी ने कहा,आग की तेजी और घरों व स्टॉल्स के एक-दूसरे से बहुत सटे होने की वजह से आग बुझाने में काफी समय लगा।

Back to top button