
रूस-यूक्रेन जंग: प्लांट पर मिसाइलों की बौछार, दो मरे, उत्पादन ठप
भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल की फैक्ट्री बनी निशाना
रूस पर यूक्रेन ने सैकड़ों ड्रोन से किया हमला
मॉस्को। यूरोप में जारी जंग के बीच रूस ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की आर्सेलरमित्तल माइनिंग एंड मेटलर्जिकल कॉम्प्लेक्स पर मिसाइल हमला किया। यूक्रेन की सबसे बड़ी इंटीग्रेटेड स्टील यूनिट पर हुए इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 कर्मचारी घायल हुए हैं। मुख्य ऊर्जा और ब्लास्ट-फर्नेस ऑपरेशंस को नुकसान पहुंचने के बाद फैक्ट्री में उत्पादन आंशिक रूप से रोकना पड़ा। यह हमला यूक्रेन की ओर से रूस पर किए गए बड़े पैमाने के ड्रोन हमलों के जवाब में हुआ।
इससे पहले यूक्रेन ने रूस पर सैकड़ों ड्रोन से हमला किया था। इसे कीव की ओर से युद्ध के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक बताया जा रहा है। इन हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हुई। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव इसे “हाल के समय के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक” बताया।
मोर्चे पर जमीनी लड़ाई ठप,शांति वार्ता भी रुकी
दोनों युद्धरत देश एक-दूसरे के इलाकों में दूर तक मार करने वाले हमले तेज कर रहे हैं। इसका असर आम नागरिकों पर भी पड़ रहा है। इन हमलों के चलते 2022 में युद्ध के शुरुआती महीनों के बाद से अब तक सबसे ज्यादा नागरिकों की मौतें हुई हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट पर रूसी ड्रोन और मिसाइलों की बौछार हुई। हमले में दो लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन की सबसे बड़ी स्टील उत्पादक कंपनियों में शामिल आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह ने पुष्टि की कि मिसाइल हमले में उसकी एक साइट को निशाना बनाया गया। कंपनी ने बताया कि हमले के बाद उसके कामकाज को आंशिक रूप से रोकना पड़ा है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने रातभर देश के अलग-अलग हिस्सों में 822 यूक्रेनी ड्रोन को रोका।वोरोब्योव ने बताया कि मॉस्को क्षेत्र में एक निजी घर पर यूक्रेनी ड्रोन के हमले में 83 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि एक अन्य यूक्रेनी हमले के कारण पोडोल्स्क शहर में ‘वाइल्डबेरीज’ के गोदाम में आग लग गई। वाइल्डबेरीज रूस की सबसे बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनी है और इसका संबंध देश की सबसे अमीर महिला अरबपति तात्याना किम से है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि रूसी राजधानी की ओर बढ़ते हुए करीब 600 ड्रोन का पता लगाया गया। इनमें से लगभग एक-तिहाई ड्रोन को मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही नष्ट कर दिया गया। हमलों के चलते राजधानी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को भी हाई अलर्ट पर रखा गया।





