
Lucknow News: अवैध डेयरी हटाने गई नगर निगम की टीम पर पथराव, चौकी इंचार्ज का सिर फटा
पारा क्षेत्र में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने गई नगर निगम की टीम पर पथराव किया गया। इस घटना में तीन सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हुए और कई कर्मचारी घायल हुए।
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को पारा इलाके में अवैध रूप से चल रही डेयरियों पर कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम पर दबंगों और डेयरी संचालकों ने अचानक हमला बोल दिया।
भीड़ ने टीम पर जमकर पथराव किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस जानलेवा हमले में बुद्धेश्वर चौकी इंचार्ज विनय पटेल का सिर फट गया, जबकि कई अन्य पुलिसकर्मी व नगर निगम कर्मचारी घायल हो गए।
दबंगों ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ पारा क्षेत्र में अवैध डेयरियों को हटाने और मवेशियों को जब्त करने का अभियान चला रही थी। जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, डेयरी संचालकों और स्थानीय असामाजिक तत्वों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
देखते ही देखते विरोध हिंसक हो गया और उपद्रवियों ने टीम को निशाना बनाते हुए ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पथराव में नगर निगम और पुलिस की तीन गाड़ियाँ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनके शीशे टूट गए।
ये भी पढ़े- महिला दारोगा का वीडियो वायरल, दारोगा निलंबित
चौकी इंचार्ज अस्पताल में भर्ती
पथराव की घटना में बुद्धेश्वर चौकी इंचार्ज सिर में गंभीर चोट आने के कारण लहूलुहान हो गए। सहकर्मियों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पारा थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
ये भी पढ़े-लखनऊ में फिर सड़क पर उतरीं Gen Alpha, शिक्षकों की भारी कमी पर काटा बवाल
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
नगर निगम की टीम द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने उपद्रवियों और हमलावरों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और आसपास के CCTV फुटेज के आधार पर पथराव करने वाले उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े- बज़्म-ए-ख़्वातीन के तत्वावधान में जश्न-ए-आज़ादी का आयोजन





