
Stock Market Crash: ट्रंप के टैरिफ से सहमा बाजार… खुलते ही Sensex-Nifty धड़ाम
Stock Market Crash: शेयर बाजार में मंगलवार को ट्रंप के एक्स्ट्रा टैरिफ का असर दिखा और खुलने के साथ ही सेंसेक्स-निफ्टी पर बुरा असर पड़ा. इस बीच सनफार्मा से लेकर टाटा स्टील तक के शेयर बड़ी गिरावट लेकर कारोबार करते दिखे.
Stock Market Crash: भारतीय निर्यात पर अमेरिकी टैरिफ के बढ़ते दबाव से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। इस वजह से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा गिर गया, जबकि निफ्टी 24,900 के स्तर से नीचे फिसल गया। यह वैश्विक जोखिम-रहित संकेतों की ओर इशारा करता है। यह गिरावट अमेरिका की ओर से बुधवार से भारतीय वस्तुओं पर अतिरिक्त 25% शुल्क लगाने की योजना का मसौदा नोटिस जारी करने के बाद आई है। इससे टैरिफ का बोझ दोगुना होकर 50% हो जाएगा।
खुलते ही फिसल गया बाजार
शेयर मार्केट (Share Market) में मंगलवार को कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंडेक्स अपने पिछले बंद 81,635.91 की तुलना में बुरी तरह फिसलते हुए 81,377.39 पर खुला. इसके बाद इसमें गिरावट और बढ़ गई और महज आधे घंटे के कारोबार के बाद ही Sensex गिरकर 630 अंक से ज्यादा टूटकर 81,000 के नीचे आ गया और 80,947 पर कारोबार करता दिखा.
किसे फायदा-किसे नुकसान?
सेंसेक्स की कंपनियों में सन फार्मास्युटिकल, टाटा स्टील, अदानी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, पावर ग्रिड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी और टाटा मोटर्स के शेयर लाल निशान पर दिखाई दिए। इसके उलट हिंदुस्तान यूनिलीवर और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज को ही फायदा होता दिखाई दिया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 2,466.24 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।





