पीएनबी घोटाले का आरोपी भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी एंटीगुआ और बारबुडा से लापता
सैंट जोंस। पंजाब नेशनल बैंक घोटाले में आरोपी और भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी एंटीगुआ और बारबुडा से लापता हो गया है। चोकसी के वकील विजय अग्रवाल ने इसकी जानकारी दी है। स्थानीय पुलिस चोकसी की तलाश में जुट गई है।
वकील विजय अगवाल का कहना है कि चोकसी का परिवार भी काफी पेरशान हैं, क्योंकि उन्हें भी नहीं पता कि आखिर हुआ क्या है। एक संभावना ये भी जताई जा रही है कि चोकसी क्यूबा चला गया है।
बताया जा रहा है कि चोकसी आईलैंड के दक्षिणी हिस्से में एक मशहूर रेस्टोरेंट में खाना खाने के लिए देश शाम घर से निकला था, लेकिन इसके बाद उसका कहीं पता नहीं है। परिवार को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
वकील विजय अग्रवाल का कहना है परिवार ने चोकसी के बारे में जानने के लिए उन्हें बुलाया था। हालांकि, विजय अग्रवाल को भी चोकसी के लापता होने या कहीं चले जाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
उधर, एंटीगुआ मीडिया के अनुसार, पुलिस ने मेहुल चोकसी की तलाश के लिए एक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। कल रात उनकी गाड़ी को जॉली हार्बर में तलाशा गया, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिस की तरफ से अभी कोई बयान जारी नहीं किया गया है लेकिन ऐसी संभावना जताई जा रही है कि चोकसी क्यूबा चला गया है, जहां उसका एक आलीशान घर है।
गौरतलब है कि मेहुल चोकसी पंजाब नेशनल बैंक घोटाले का आरोपी है। सीबीआइ जांच शुरू होने से पहले वह 2018 में भारत से भाग गया था।
चोकसी, नीरव मोदी का मामा है। नीरव मोदी भी 13,000 करोड़ रुपये से अधिक के इस धोखाधड़ी मामले में एक अन्य मुख्य आरोपी है।