
कुख्यात ड्रग तस्कर विजय कुमार की संपत्ति फ्रीज, दिल्ली में नशा विरोधी अभियान जारी
Delhi News: दिल्ली पुलिस के नॉर्थ-वेस्ट जिले की ऑपरेशन सेल ने नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात ड्रग तस्कर विजय कुमार की 30 लाख रुपए से अधिक की अवैध संपत्ति को फ्रीज कर दिया। विजय कुमार को भरत नगर थाना क्षेत्र का बैड कैरेक्टर घोषित किया जा चुका है।
यह अभियान उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन और पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज से नशे की बुराई को जड़ से मिटाना और नशा अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना है।
पुलिस ने परिवार तक कार्रवाई का दायरा बढ़ाया
15 फरवरी 2025 को ऑपरेशन सेल/नॉर्थ-वेस्ट की टीम ने विजय कुमार के बेटे नितिन बद्धवान (22) को जेजे कॉलोनी, वजीरपुर से गिरफ्तार किया। उसके घर से 365 ग्राम हेरोइन और 1,88,200 रुपए नकद बरामद किए गए। नितिन ने पूछताछ में बताया कि वह अपने पिता के इशारे पर काम करता था। इसके बाद 20 मई 2025 को विजय कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें…
Flood News: उफान पर यमुना नदी… दिल्ली-यूपी और पंजाब समेत कई राज्यों में कहर
संपत्तियों की ज़ब्ती और कानूनी कार्रवाई
इंस्पेक्टर मदन मोहन की अगुवाई में एसआई रवि सैनी और एसआई आकाशदीप की टीम ने वित्तीय जांच की। इसमें विजय कुमार की तीन दोपहिया वाहन और एक संपत्ति सामने आई, जिनकी कुल कीमत 30 लाख रुपए से अधिक आंकी गई। जांच में यह पाया गया कि ये संपत्तियां ड्रग तस्करी से अर्जित पैसों से खरीदी गई थीं।
इसके बाद एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 68-एफ(1) के तहत संपत्तियों को ज़ब्त करने का आदेश जारी किया गया। वित्त मंत्रालय और राजस्व विभाग ने जांच के बाद विजय कुमार की संपत्तियों को फ्रीज कर दिया। आदेश के तहत बिना अनुमति इन संपत्तियों की बिक्री या खरीद नहीं की जा सकेगी।
यह भी पढ़ें…
CM रेखा गुप्ता से मिले धीरेंद्र शास्त्री, संत समाज में एकता और सेवा का संदेश
पुलिस की रणनीति
विजय कुमार पिछले 7 वर्षों से ड्रग्स के धंधे में सक्रिय है और उस पर 11 संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें 5 एनडीपीएस एक्ट से जुड़े हैं। वहीं, नितिन पिछले 3 साल से ड्रग्स की सप्लाई कर रहा है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य ड्रग तस्करी के नेटवर्क को जड़ से तोड़ना और अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ना है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि वह लगातार ऐसे अपराधियों पर निगरानी रख रही है जो समाज में नशे का जहर फैलाते हैं और अंतरराज्यीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स का नेटवर्क संचालित कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें…





