
मॉरीशस के PM आज पहुंचेंगे बनारस; कल पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता, होगा रूट डायवर्जन
PM Modi-Mauritius PM in Varanasi: पीएम मोदी के लिए वाराणसी से लगाव कुछ ऐसा हो गया है कि वो अक्सर यहाँ आने का मौका निकाल लेते है. मोदी जी भारत आने वाले किसी भी राष्ट्राध्यक्ष को बनारस तक लाने का प्लान तैयार करना नहीं भूलते हैं.
PM Modi-Mauritius PM: आज यानी बुधवार को मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम वाराणसी पहुंच रहे हैं. अपने तीन दिवसीय दौरे पर वह कल यानी गुरुवार को पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.
पीएम मोदी का बनारस का यह 52वां दौरा होगा. पीएम मोदी का यह अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक दांव पहले भी काशी में देखा गया है. उन्होंने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो अबे, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और तत्कालीन मॉरीशस के प्रधानमंत्री रहे प्रविन्द जुगन्नाथ को भारत बुलाया और वाराणसी लाकर उन्हें यहां की संस्कृति सभ्यता से भी रूबरू करवाया.
मॉरीशस पीएम का संभावित रूट: वाराणसी के मंडलायुक्त एस राज लिंगम ने बताया कि मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम तीन दिवसीय काशी प्रवास पर बुधवार शाम छह बजे पहुंचेंगे. वह यहां 11 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. काशी प्रवास के दौरान मॉरीशस पीएम विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन और गंगा आरती भी देखने जाएंगे. प्रशासन की ओर से दोनों प्रधानमंत्रियों के आगमन के मद्देनजर पूरी तैयारी की गई है.
शहर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, तो वहीं सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. विदेश मंत्रालय के अधिकारी मॉरीशस के प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी के मद्देनजर बनारस में तैयारी का जायजा लेने पहुंच चुके हैं. एसपीजी ने मंगलवार को सभी कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया. प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम अपनी आठ दिवसीय भारत यात्रा पर मंगलवार को मुंबई पहुंच गए हैं जहां उनका भव्य स्वागत किया गया है.
पीएम मोदी का आगमन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 सितंबर की सुबह लगभग 10.40 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) उनका स्वागत करेंगे. इसके बाद मोदी और योगी हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन जाएंगे और फिर सड़क मार्ग से ताज होटल पहुंचेंगे. पुलिस लाइन से होटल ताज के बीच भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि छह स्थानों पर पारंपरिक तरीके से गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर उनका स्वागत करेंगे.
पीएम मोदी का CM योगी संग रोड शो: महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पुलिस लाइन गेट पर अभिवादन करेंगी. यात्रा मार्ग पर रोड-शो जैसा माहौल होगा. प्रधानमंत्री मोदी मॉरीशस के पीएम के सम्मान में आयोजित दोपहर भोज की मेजबानी करेंगे. दोपहर 2:30 बजे वह पुलिस लाइन हेलीपैड से बाबतपुर एयरपोर्ट जाकर दिल्ली चले जाएंगे.
बनारस में 3 घंटे का रूट डायवर्जन: मॉरीशस के प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से होटल ताज पहुंचेंगे. इसके लिए बुधवार शाम 5 से रात 8 बजे तक एयरपोर्ट से होटल ताज मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा. वीवीआईपी आगमन के घंटे भर पहले ही आवागमन बंद कर दिया जाएगा.
- बाबतपुर चौकी चौराहे से शहर में वाहन नहीं आएंगे, बड़ागांव थाने की तरफ डायवर्ट होंगे.
- हरहुआ फ्लाईओवर से कोई भी वाहन नहीं निकलेगा.
- व्यास मोड़, भेलखा मोड़ तिराहा से वाहन हरहुआ नहीं जा सकेंगे.
- वाजिदपुर चौराहे से वाहन हरहुआ चौराहा नहीं जा सकेंगे.
- गिलट बाजार तिराहे से वाहन भोजूबीर या तरना की तरफ नहीं जा सकेंगे. इन्हें सेंट्रल जेल रोड या शिवपुर बाजार की तरफ मोड़ा जाएगा.
- भोजूबीर तिराहे से वाहन सर्किट हाउस या गिलट बाजार चौकी की तरफ नहीं जा सकेंगे. वे अर्दली बाजार की ओर डायवर्ट होंगे.
- गोलघर कचहरी से वाहन को सर्किट हाउस नहीं जाने दिया जाएगा, वाहन आंबेडकर चौराहे एवं अर्दली बाजार की तरफ डायवर्ट होंगे.
- जेपी मेहता तिराहे से वाहन को दैत्रावीर, भोजूबीर तिराहा की तरफ नहीं जाएंगे. ये सेंट्रल जेल रोड की तरफ डायवर्ट होंगे.
- आंबेडकर चौराहे से वाहन को जेपी मेहता कॉलेज तिराहे की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा, इन्हें गोलघर कचहरी की ओर भेजा जाएगा.
- जेएचवी तिराहा से आशियाना तिराहा की जाने वाले वाहनों को छावनी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा.
- मिंट हाउस से वाहन आशियाना तिराहा की तरफ नहीं जा सकेंगे. इन्हें इंडिया होटल चौराहे की तरफ मोड़ा जाएगा.
- इंडिया होटल चौराहे से वाहन होटल ताज की तरफ नहीं जा सकेंगे, जेएचवी तिराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा.
- नदेसर तिराहे से वाहनों को होटल ताज की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा.
विदेशी मेहमानों के स्वागत में दुल्हन की तरह सजी काशी: फिलहाल दोनों देशों के प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर वाराणसी को दुल्हन की तरह सजाया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने भी विशेष तैयारी की है. महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि प्रधानमंत्री के पुलिस लाइन हेलीपैड से ताज होटल तक के यात्रा मार्ग पर कुल 6 स्वागत प्वाइंट बनाए गए हैं.





