
Rahul Gandhi ने वोटरों के नाम डिलीट करने का लगाया आरोप, EC ने दिया जबाब
Rahul Gandhi PC: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है वोटरों के नाम फेक लॉग-इन के जरिये डिलीट किए गए हैं.उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ‘वोट चोरों’ की रक्षा कर रहे हैं.
Rahul Gandhi PC: चुनाव आयोग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि वोट काटने से पहले पक्ष रखने का मौका मिलता है। आयोग ने कहा कि यदि किसी का नाम डिलीट हुआ तो फिर डीएम और सीईओ के पास शिकायत भेजनी होती है। दरअसल राहुल गांधी ने दावा किया कि महिलाओं, दलितों और आदिवासियों के वोट चोरी हुए हैं और टारगेट करके कांग्रेस वोटरों के नाम डिलीट किए गए हैं. उन्होंने कहा कि अब उन्हे चुनाव आयोग के भीतर से ही जानकारी मिल रही है।
चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर निशाना साधा है. उन्होंने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने का एक और सबूत दिया. उन्होंने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में कहा कि मैं अपने संविधान की रक्षा करूंगा. मुझे अपने देश और संविधान से प्यार है. मैं सबूतों के साथ अपनी बात रख रहा हूं. ये कोई हाइड्रोजन बम नहीं है. अभी उसका आना बाकी है. हम बार-बार कह रहे हैं चुनाव आयोग वोट चोरों को बचा रहा है. ये लोकतंत्र के लिए कहीं से भी सही नहीं है. इसे रोकना हमारा काम है. हम इस देश प्यार करते हैं.
लाखों वोटरों के नाम हटाए जा रहे
राहुल गांधी ने आगे कहा कि कर्नाटक के आलंद में 6018 वोट डिलीट किए गए हैं. हमने पाया है कि महज 14 मिनट में 12 वोट डिलीट किए गए. इससे ये तो साफ है कि चुनाव आयोग वोट चोरों को बचा रहा है. अभी तक आयोग ने टारगेट करके लाखों वोटर्स को लिस्ट से हटाया है. कर्नाटक में जानबूझकर वोट खत्म किए गए हैं. फर्जी वोटर जोड़ने के लिए फर्जी नाम और फर्जी पते तक दिए गए. कर्नाटक में बड़े स्तर पर किसी से पूछे ही उनका वोट डिलीट कर दिया गया.
चुनाव आयोग ने बेबुनियाद बताया
चुनाव आयोग के सूत्रों ने इन सारे आरोपों को बेबुनियाद बताया है. ईसी सूत्रों के मुताबिक, कोई भी वोट डिलीट नहीं किया गया है. बिना किसी अपील के ऐसी कोई प्रक्रिया नहीं है.
राहुल के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार
राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी देश की जनता का अपमान कर रहे हैं। वह देश का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश की संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास नहीं है। इससे पहले भी बीजेपी ने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों को राहुल गांधी की आलोचना की थी।





