
Prayagraj: SRN हॉस्पिटल में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल, मरीजों की भर्ती ठप्प…
SRN Hospital Prayagraj: स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (SRN) में जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल कर दी है। साथी डॉक्टर से मारपीट की घटना में कोई कार्रवाई न होने से नाराज डॉक्टर मंगलवार रात से ही हड़ताल पर चले गए. इससे इमरजेंसी सेवाएं ठप पड़ गई हैं.
SRN Hospital Prayagraj: जूनियर डॉक्टर पर हमले के विरोध में एसआरएन मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों ने मंगलवार रात से कामकाज ठप करके हड़ताल शुरू कर दिया है। डॉक्टरों की हड़ताल दूरसे दिन बुधवार को भी जारी रही। इससे मेडिकल कॉलेज में मरीजों का उपचार नहीं हो सका। ओपीडी ठप होने दूर दराज के जनपदों से आए मरीज काफी परेशान हुए। नए मरीजों की भर्ती नहीं ली जा रही है। डॉक्टरों की नाराजगी दूर करने का पुलिस ने प्रयास किया, लेकिन उनका कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होती, हड़ताल जारी रहेगी।
जार्जटाउन थाने में दर्ज किया गया केस
जॉर्ज टाउन थाना पुलिस में कौशांबी के रहने वाले युवक के खिलाफ मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया है। एलआईसी रोड निवासी डॉ. अनुराग कुमार का आरोप है कि उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले कहा कि आपका पार्सल आया हुआ है। अपने आवास के बाहर आते ही 6 से 7 हमलावर थप्पड़ जड़कर फरार हो गए। पुलिस की एक टीम आरोपी को दबोचने के लिए कौशाम्बी रवाना हो गई है।
हमलावरों की गिरफ्तारी पर अड़े जूनियर डॉक्टर
इधर, मारपीट की घटना से नाराज जूनियर डॉक्टरों ने अस्पताल में ट्रामा सेंटर और इमरजेंसी सेवा पूरी तरह प्रभावित हुई है। अस्पताल परिसर में डॉक्टर्स नारेबाजी कर रहे हैं। सेवाएं न चालू होने से मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। पुलिस अफसरों से जूनियर डॉक्टर्स की बातचीत हुई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
सर्जरी विभाग के सेकेंड ईयर रेजिडेंट डॉ. अनुराग कुमार का कहना है कि वे जॉर्ज टाउन इलाके में एक अपार्टमेंट में रहते हैं। 22 सितंबर को इनके पास एक कॉल आई. कॉल करने वाले ने कहा कि पार्सल आया है। जैसे ही वे पार्सल लेने नीचे उतरे, कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया और पीटने लगे।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी है. उन्होंने 112 पर डायल किया तो पुलिस आई और उन्हें थाने ले गई. थाने में उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. अब जब तक कि कोई सक्षम अधिकारी आकर आश्वासन नहीं देता, सेवाएं ठप ही रहेंगी।
वहीं, जूनियर डॉक्टर अनुराग कुमार के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर एसीपी राजीव यादव ने कहा कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है, आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।





