अब स्मार्टफोन से ‘टैप एंड पे’ और भी आसान, लॉन्च हुआ मास्टरकार्ड-फोनपे का नया फीचर

PhonePe New Feature: स्मार्टफोन के जरिए कॉन्टैक्टलेस पेमेंट की बढ़ती लोकप्रियता के बीच, डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म फोनपे और ग्लोबल पेमेंट नेटवर्क मास्टरकार्ड ने भारत में मास्टरकार्ड कार्डधारकों के लिए एक विशेष फीचर लॉन्च करने की घोषणा की है।

इस फीचर के तहत मास्टरकार्ड कार्डधारक अब फोनपे ऐप का उपयोग कर किसी भी एनएफसी (NFC)-सक्षम स्मार्टफोन से स्टोर पर पेमेंट टर्मिनल को टैप कर सीधे भुगतान कर सकेंगे।

कैसे काम करेगा नया फीचर

  • मास्टरकार्ड कार्डधारक अपने क्रेडिट, डेबिट और प्रीपेड कार्ड को फोनपे ऐप पर सुरक्षित रूप से सेव कर सकेंगे।
  • कार्ड एक बार टोकनाइज होने के बाद, हर बार लेन-देन करते समय वास्तविक कार्ड डिटेल्स के बजाय टोकन का इस्तेमाल होगा।
  • यूजर को बस अपना फोन पीओएस मशीन पर टैप करना होगा और पेमेंट तुरंत प्रोसेस हो जाएगा।
  • यह फीचर न सिर्फ इन-स्टोर ‘टैप एंड पे’ को सपोर्ट करता है बल्कि सुरक्षित ई-कॉमर्स लेन-देन को भी सक्षम बनाता है।

सुरक्षा और सुविधा पर जोर
टोकनाइजेशन तकनीक के जरिए हर लेन-देन यूजर के डिवाइस से जुड़ा होगा, जिससे चोरी या डेटा लीक की स्थिति में कार्ड क्रेडेंशियल बेकार साबित होंगे। इससे यूजर्स के लिए तेज, सहज और सुरक्षित चेकआउट संभव होगा।

फोनपे के पेमेंट्स हेड दीप अग्रवाल ने कहा कि हमें लाखों फोनपे यूजर्स के लिए डिवाइस-आधारित टोकनाइजेशन लाने के लिए मास्टरकार्ड के साथ सहयोग करते हुए खुशी हो रही है। एनएफसी-सक्षम स्मार्टफोन की पहुंच और उपभोक्ताओं के बीच कॉन्टैक्टलेस पेमेंट की बढ़ती पसंद के साथ, यह फीचर सुविधा और सुरक्षा दोनों को बढ़ाता है।

मास्टरकार्ड की दृष्टि
मास्टरकार्ड के दक्षिण एशिया में प्रोडक्ट एंड सॉल्यूशंस के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट रवि दातला ने कहा कि फोनपे के साथ यह सहयोग डिजिटल भुगतान की पहुंच बढ़ाने और ‘टैप एंड पे’ जैसे स्मार्ट व सुरक्षित समाधानों को भारत और विदेश में कार्डधारकों तक पहुंचाने की दिशा में अहम कदम है। भारत डिजिटल कॉमर्स की गति तय कर रहा है और मास्टरकार्ड इस विकास को सपोर्ट करने पर गर्व महसूस करता है।

यह भी पढ़ें…

Skoda का नया मॉडल होगा लॉन्च; स्पोर्ट्स और लग्जरी का कॉम्बिनेशन…

क्यों खास है यह लॉन्च?

  • भारत में फोनपे के पास 618 मिलियन से ज्यादा पंजीकृत उपयोगकर्ता हैं।
  • मास्टरकार्ड की टोकनाइजेशन में वैश्विक विशेषज्ञता और फोनपे का विशाल यूजर बेस मिलकर भारत में कॉन्टैक्टलेस पेमेंट को नई गति देंगे।
  • यह फीचर भारतीय उपभोक्ताओं को न सिर्फ देश में, बल्कि विदेश यात्राओं के दौरान भी मास्टरकार्ड नेटवर्क पर पेमेंट की सुविधा देगा।

यह भी पढ़ें…

Apple स्टोर का शटर खुलते ही iPhone 17 के लिए मार…बुलानी पड़ी पुलिस

कब मिलेगा यह फीचर?
फोनपे ऐप पर मास्टरकार्ड कार्डधारकों के लिए यह नया फीचर चरणबद्ध तरीके से रोल आउट किया जाएगा। यूजर्स एक सरल प्रक्रिया के माध्यम से अपने कार्ड फोनपे ऐप पर सेव कर पाएंगे और एनएफसी-सक्षम टर्मिनलों पर ‘टैप एंड पे’ का अनुभव ले सकेंगे।

यह साझेदारी भारत की तेजी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें…

स्वदेशी इंडस ऐपस्टोर की बड़ी छलांग, हिंदी-मराठी-तमिल में मिल रही लोकप्रियता

Back to top button