
बहुजन समाज को शोषित से शासक बनाया:Mayawati
कांशीराम परिनिर्वाण दिवस आज
लखनऊ में होगी BSP की जोरदार रैली
Kanshi Ram BSP Mayawati: बहुजन समाज पार्टी बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी के संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने देश में सदियों से पिछड़े और शोषित बहुजन समाज को वोट की ताकत के जरिए सत्ता की मास्टर चाबी सौंपने और उन्हें शासक वर्ग बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया।
कांशीराम ने अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि बसपा सरकारों के दौरान सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति के ऐतिहासिक कार्य किए गए। इस दौरान महात्मा ज्योतिबा फुले, श्री नारायणा गुरु, छत्रपति शाहूजी महाराज और डॉ. बी.आर. आंबेडकर जैसे महान संतों व महापुरुषों के समतावादी विचारों को धरातल पर उतारकर संविधान की पवित्र मंशा को पूरा किया गया। डॉ. भीमराव आंबेडकर के आत्म-सम्मान और स्वाभिमान के आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए कांशीराम ने अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनके इसी मिशनरी संकल्प का परिणाम था कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में बसपा की चार बार सरकार बनी।





