
जयपुर में सिलेंडर से भरे ट्रक में धमाके, केमिकल टैंकर से टक्कर में 5 गाड़ियां जलीं
Jaipur-Ajmer Highway: जयपुर-अजमेर हाईवे पर मंगलवार देर रात एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसने राहगीरों और स्थानीय लोगों को सकते में डाल दिया। एक रासायनिक टैंकर ने LPG सिलेंडरों से भरे ट्रक से टक्कर मार दी।
Jaipur-Ajmer Highway: जयपुर अजमेर नेशनल हाईवे पर एक बार फिर से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में एक व्यक्ति जिंदा जल गया जबकि चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। यह हादसा दूदू क्षेत्र में मौजमाबाद के पास हुआ। एलपीजी गैस सिलेंडर की टंकियों से भरा एक ट्रक हाईवे के किनारे स्थित महादेव ढाबे पर खड़ा था। तभी एक तेज रफ्तार टैंकर आया और गैस सिलेंडर से भरे खड़े ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के दौरान उठी चिंगारी से ट्रक और टैंकर दोनों में आग लग गई। टक्कर मारने वाले टैंकर में केमिकल भरा हुआ था। आग की चपेट में आने से 6-7 अन्य वाहन भी जल गए।
मच गई अफरा-तफरी
धमाकों की आवाजें कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दीं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि 2 किलोमीटर दूर से भी नजर आ रही थीं। हादसे में पांच वाहन जलकर राख हो गए। ब्लास्ट होते गैस सिलेंडर जब हवा में उछल रहे थे तब आग के गोले हवा में उड़ते हुए लोगों को नजर आए। स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
6 दमकलों ने पाया आग पर काबू
घटना इतनी भीषण थी कि लोहे के टुकड़े करीब 280 मीटर दूर तक उड़कर गिरे। होटल के पास हुए इस हादसे में कई होटलकर्मी जान बचाकर भागे लेकिन कुछ लोग आग की चपेट में आ गए। पुलिस और दमकल की टीमें रातभर राहत कार्य में जुटी रहीं।दमकल की 6 से ज्यादा गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर लंबा जाम लग गया जो रातभर लगा रहा।
एक व्यक्ति जिंदा जला, चार झुलसे
गैस सिलेंडर की टंकियों से भरा ट्रक जो एक होटल के बाहर खड़ा था। उसका ड्राइवर खाना खा रहा था। तभी पीछे से आए केमिकल से भरे टैंकर ने ट्रक को टक्कर मार दी। उस टैंकर में दो व्यक्ति बताए जा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद एक व्यक्ति बाहर निकल गया जबकि दूसरा टैंकर की केबिन में ही फंस गया। जब दोनों वाहनों में आग लगी तो वह व्यक्ति भी जिंदा जल गया। इस अग्निकांड के दौरान चार लोग भी झुलस गए जिन्हें देर रात को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रात करीब तीन बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। इसी दौरान घटनास्थल से एक लाल पोटली में कुछ हड्डियां और राख SMS हॉस्पिटल पहुंची। जिन्हें एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया है। पुलिस का कहना है कि एफएसएल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि ये अवशेष किसके हैं। फिलहाल टैंकर के चालक और खलासी लापता हैं।





