हिमाचल हादसे पर कंगना रनौत ने व्यक्त की संवेदना, पीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

Himachal Bus Landslide: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बरठीं में एक चलती बस पर अचानक पहाड़ी का मलबा गिर गया, जिसमें अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बस में कुल 35 लोग सवार थे, जिनमें कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों ने रातभर युद्ध स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया।

पीएम और राष्ट्रपति ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक जताया और मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया—

“हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुए एक हादसे में हुई जान-माल की हानि से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे पर शोक प्रकट किया और दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

कंगना रनौत ने संवेदना व्यक्त की
कंगना रनौत, जो मंडी लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं, ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा—

“हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बरठीं में हुआ बस हादसा अत्यंत हृदय विदारक और पीड़ादायक है। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”


यह भी पढ़ें…

समुद्री लुटेरों का तमिलनाडु के मछुआरों पर हमला… 11 घायल, एक की हालत नाजुक

रेस्क्यू अभियान जारी
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन, पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुटी हैं। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन राहत कार्य अभी भी जारी है।

यह भी पढ़ें…

तंत्र-मंत्र के चक्कर में दोस्त की गला रेतकर हत्या, दबोचा गया आरोपी

वर्क फ्रंट पर कंगना
दुखद घटना के बीच कंगना रनौत हाल ही में एक फैशन शो में नज़र आई थीं। वह ‘अप्सरा’ लुक में स्टेज पर रैंप वॉक करती दिखीं। उन्होंने Raabta by Rahul के लिए ‘सल्तनत’ शो में ब्राइडल ज्वैलरी कलेक्शन को रिप्रेजेंट किया, जिसमें उनका लुक मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी में निभाए किरदार की याद दिला रहा था।

इस भयावह बस हादसे ने पूरे राज्य को शोक में डुबो दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद और घायलों को बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें…

करूर भगदड़ मामले में यूट्यूबर फेलिक्स गेराल्ड गिरफ्तार, पुलिस और राजनीति में गहरी बहस

Back to top button