
एनीमिया से लेकर सर्दी-जुकाम तक…, गुड़ है कई मर्ज की दवा
Health benefits of Jaggery: सर्दियों में गुड़ के सेवन से इम्यून सिस्टम मजबूत होता है, सर्दी-खांसी से राहत मिलती है, और शरीर को गर्मी मिलती है। यह पाचन को सुधारता है, तनाव को कम करता है और प्रदूषण से रक्षा करता है।
Health benefits of Jaggery: गुड़ भारतीय परंपरा की एक अनमोल देन है. हमारे देश में भोजन के बाद गुड़ खाने की परंपरा केवल स्वाद के लिए नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी है. जहां चीनी केवल मीठापन (Cold cough home remedy) देती है, वहीं गुड़ शरीर को ऊर्जा, पाचन शक्ति और रोगों से रक्षा प्रदान करता है. आयुर्वेद में इसे मधुर रस प्रधान, उष्णवीर्य और वात-कफ शामक कहा गया है, यानी यह शरीर को ताकत देता है, पाचन को सुधारता है और रक्त को शुद्ध रखता है.
गुड़ का सेवन कैसे करें
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दियों में अपने आहार का हिस्सा बनाने के लिए सही तरीका यह होगा कि रोजाना 1-2 चम्मच गुड़ अपने भोजन में मिलाएं. आप गुड़ को गर्म पानी या दूध में मिलाकर एक आरामदायक पेय बना सकते हैं. जैसा कि पहले बताया गया, गुड़ को अपनी चाय, कॉफी, या डेसर्ट में मिलाएं, और इसे रिफाइंड शुगर की जगह प्राकृतिक स्वीटनर के रूप में इस्तेमाल करें. अधिकतम स्वास्थ्य लाभ पाने के लिए जैविक, बिना रिफाइन किए हुए गुड़ का चयन करें.
आयुर्वेद में है गुड़ का बखान
चरक संहिता और सुश्रुत संहिता जैसे आयुर्वेदिक ग्रंथों में गुड़ को पाचन शक्ति बढ़ाने वाला, रक्तशोधक और बलवर्धक बताया गया है. यह सर्दी-जुकाम, एनीमिया, कब्ज, थकान और मासिक धर्म की समस्याओं में विशेष लाभकारी है.
गुड़ के पोषक तत्व
गुड़ में आयरन और फोलेट की भरपूर मात्रा होती है, जिससे यह खून की कमी दूर करता है और रक्त को शुद्ध करता है. सर्दियों में इसका सेवन शरीर को अंदर से गर्म रखता है और बलगम निकालने में मदद करता है. भोजन के बाद थोड़ा गुड़ खाने से पाचन क्रिया सक्रिय होती है और गैस या एसिडिटी जैसी समस्याएं कम होती हैं. गुड़ में ग्लूकोज, मिनरल्स और एंजाइम्स होते हैं, जो शरीर को ताजगी और बल देते हैं.
गुड़ खाने के फायदे
गुड़ में जिंक और सेलेनियम जैसे एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो त्वचा और बालों को स्वस्थ रखते हैं. यह कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने और लिवर को डिटॉक्स करने में भी सहायक है. सर्दी-जुकाम में गुड़ और अदरक का काढ़ा, पाचन सुधारने के लिए गुड़ और घी, और शरीर को डिटॉक्स करने के लिए गुड़ और नींबू का पानी बेहद प्रभावी घरेलू नुस्खे हैं. मासिक धर्म के दर्द में गुड़ और तिल का सेवन राहत देता है, जबकि गुड़ और सौंफ गैस व भारीपन दूर करता है.
सर्दियों में रोजाना थोड़ी मात्रा में गुड़ खाना फायदेमंद होता है, जबकि गर्मियों में इसका सेवन सीमित रखना चाहिए क्योंकि इसकी प्रकृति गर्म होती है. सुबह खाली पेट या भोजन के बाद थोड़ा गुड़ खाना अच्छा माना गया है





