
Coldrif Cough Syrup: ‘कफ सिरप नहीं, जहर…WHO ने भारत की 3 सिरप को बताया खतरनाक
WHO Coldrif Cough Syrup Case: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत में बनी तीन मिलावटी दवाओं की पहचान की है, जिनमें सबसे ज्यादा चर्चा में रही कोल्ड्रिफ कफ सिरप शामिल है।
WHO Coldrif Cough Syrup Case: भारत में जहरीली कफ सिरप की वजह से 20 से ज्यादा बच्चों की मौत ने स्वास्थ्य विभाग को हैरत में डाल दिया था। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए 3 फार्मा कंपनियों को लेकर चेतावनी जारी की है। उनके कफ सिरप को लेकर अलर्ट किया है। इसमें कोल्ड्रिफ भी शामिल है, जिसकी वजह से मध्यप्रदेश में कई बच्चों की मौत हो गई। WHO ने कहा कि अगर ये कफ सिरप कहीं भी दिखाई दें, इसको लेकर तुरंत जानकारी दें।
कफ सिरप में खतरनाक केमिकल
खांसी की इन दवाओं में जांच के दौरान डायथिलीन ग्लाइकोल नाम का एक जहरीला कैमिकल मिला है, जिसका भारी मात्रा में इस्तेमाल हुआ है. अहम बात यह है कि इस कैमिकल का न तो कोई रंग और न ही इसकी कोई गंध है. लिहाजा इसकी बिना जांच के पहचान करना मुश्किल है. इसका इस्तेमाल सिरप को मीठा करने के लिए किया जाता है. हैरान करने वाली बात यह भी है कि डायथिलीन ग्लाइकोल का इस्तेमाल मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक होता है.
कंपनी के मालिक गिरफ्तार
कोल्ड्रिफ सिरप को लेकर जब जांच हुई, तो श्रीसन फार्मास्युटिकल्स की दवा बनाने की अनुमति सरकार ने तुरंत रद्द कर दी। साथ ही कंपनी के मालिक जी. रंगनाथन को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद तमिलनाडु राज्य में सभी दवा कंपनियों की फैक्ट्रियों की गहन जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह देखा जा सके कि कहीं और भी गुणवत्ता में कोई लापरवाही तो नहीं बरती जा रही।
मध्य प्रदेश में बच्चों की मौतों के बाद हरकत में आई केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक एडवाइजरी जारी की। इस सलाह में कहा गया है कि दो साल से छोटे बच्चों को कफ सिरप बिल्कुल न दिया जाए। इसके अलावा, पांच साल से कम उम्र के बच्चों को भी ऐसे सिरप केवल जरूरत होने पर ही दिए जाएं। सरकार ने डॉक्टरों और फार्मेसियों को चेतावनी दी है कि बच्चों के लिए दवाइयों को बहुत सावधानी से लिखें और बेचें।





