Mumbai News: फर्जी दस्तावेज पर रह रही बांग्लादेशी ‘गुरु मां’, बना ली करोड़ो की संपत्ति

Mumbai News: मुंबई पुलिस ने बांग्लादेशी ट्रांसजेंडर ‘गुरु मां’ के नाम से मशहूर ज्योति को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 30 सालों से फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में रह रही थी।

Mumbai News: मुंबई पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। ‘ज्योति’ नाम की ट्रांसजेंडर, जिसे कई लोग ‘गुरु मां’ के नाम से जानते हैं, असल में बांग्लादेश की नागरिक बाबू अयान खान निकली। पिछले 30 सालों से वह फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में रह रही थी, और उसके करीब 300 से अधिक फॉलोअर मुंबई के अलग-अलग इलाकों में मौजूद हैं। सूत्रों के अनुसार, ज्योति के पास भारत का जन्म प्रमाणपत्र, आधार और पैन कार्ड जैसे कई दस्तावेज थे। लेकिन सभी दस्तावेज़ फर्जी पाए गए। इसके बाद शिवाजी नगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 

असली नाम बाबू अयान खान

मुंबई पुलिस ने बताया, ज्योति का असली नाम बाबू अयान खान है. पिछले कुछ महीनों में जब मुंबई पुलिस अवैध रूप से भारत में रहने वाले बांग्लादेशियों को पकड़ रही थी, तब उसके कुछ साथियों को शिवाजी नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया था. इस दौरान ज्योति को भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन उसके पास आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज मौजूद होने के कारण उसे छोड़ दिया गया. ऐसे में ज्‍योति को लगा कि पुलिस से उसका पीछा छूट गया, लेकिन ऐसा था नहीं.

पुलिस के निशाने पर थी किन्‍नर ज्‍योति 

पुलिस ने ज्‍योति को छोड़ जरूर दिया था, लेकिन उसकी कुंडली खंगालनी शुरू कर दी थी. पुलिस ने जांच करने के बाद पाया कि ज्योति ने भारत का बर्थ सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज जो दिये हैं, वो सभी फर्जी हैं. सभी सबूत जुताने के बाद ज्‍योति को गिरफ्तार कर लिया गया. ज्‍योति की जब पूरी कुंडली पुलिस के सामने आई तो पता चला कि ज्योति के खिलाफ शिवाजी नगर, नारपोली, देवनार, ट्रॉम्बे और कुर्ला पुलिस स्टेशनों में अन्य मामले भी दर्ज हैं.

ज्‍योति किन्‍नर के पास 20 से ज्‍यादा घर

किन्‍नर ज्‍योति ने भारत में रहते हुए काफी पैसा जुटाया और उसे प्रॉपर्टी में निवेश किया है. उसके पास मुंबई में लगभग 20 से अधिक घर हैं. ये घर रफीक नगर, गोवंडी और अन्य इलाकों में हैं. इन इलाकों में उसके कुछ फॉलोअर भी हैं, जो उसे गुरु मां के रूप में जानते हैं.

जानकारी के मुताबिक, 24 मार्च को शिवाजी नगर पुलिस ने रफीक नगर से कुछ बांग्लादेशी ट्रांसजेंडरों को गिरफ्तार किया था, इसी दौरान ज्योति के दस्तावेज़ भी चेक किए गए थे. फिलहाल पुलिस ने पासपोर्ट अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत अयान खान उर्फ ज्योति उर्फ गुरु मां को गिरफ्तार कर लिया है.

 

Back to top button