
New CJI: कौन होंगे सुप्रीम कोर्ट के 53वें चीफ जस्टिस? CJI गवई ने कानून मंत्रालय को भेजा प्रस्ताव
Supreme Court New CJI: जस्टिस सूर्यकांत भारत के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश सीजेआई बीआर गवई के बाद सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश हैं। चीफ जस्टिस के रिटायरमेंट के बाद वे भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।
Supreme Court New CJI: भारत के मुख्य न्यायाधीश भूषण रामकृष्ण गवई ने केंद्र सरकार से जस्टिस सूर्यकांत को अगले CJI के तौर पर नियुक्त करने की सिफारिश की है। मौजूदा CJI गवई के बाद जस्टिस सूर्यकांत सुप्रीम कोर्ट के दूसरे सबसे सीनियर जज हैं। अगर केंद्र उनकी सिफारिश को मान लेती है तो CJI गवई के 23 नवंबर को रिटायर होने के बाद 24 नवंबर को वे देश के 53वें CJI बनेंगे।
23 नवंबर को रिटायर हो रहे CJI गवई
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई 23 नवंबर को रिटायर होंगे। सूत्रों के अनुसार इस साल 14 मई को प्रधान न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण करने वाले जस्टिस गवई ने अगले चीफ जस्टिस के रूप में केंद्रीय विधि मंत्रालय से न्यायमूर्ति सूर्यकांत के नाम की सिफारिश की है। इसी के साथ नए सीजेआई को लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
जस्टिस सूर्यकांत होंगे अगले CJI ?
24 मई, 2019 को प्रमोट किए जाने के बाद जस्टिस सूर्यकांत शीर्ष अदालत पहुंचे थे। अब सीजेआई गवई ने उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित किया है। उनके प्रधान न्यायाधीश बनने पर कार्यकाल एक साल 2 महीने से अधिक होगा। वह 9 फरवरी, 2027 को सेवानिवृत्त होंगे। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष है।
जस्टिस सूर्यकांत को साल 2004 को में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया था. इसके बाद उन्हें 5 अक्टूबर 2018 को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था. यहां लगभग एक साल रहने के बाद ही उन्हें 24 मई 2019 को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बनाया गया था.





