Bus Accident: ट्रक-बस के बीच टक्कर में 17 लोगों की मौत, दबे यात्री चीखते-पुकारते रहे

Telangana Bus Accident: यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गिट्टी से भरे ट्रक का लोड बस पर पलट गया और कई यात्री उसी के नीचे दब गए। इस हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई।

Telangana Bus Accident: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। टीएसआरटीसी बस और डंपर की टक्कर से 17 लोगों की मौत हो गई और कई यात्री घायल हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऐसे में मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। घायल यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा खानपुर इलाके में हुआ। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।

अब तक 17 लोगों की मौत की पुष्टि

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक 17 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और आठ लोग घायल हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरटीसी की यह बस तंदूर डिपो से चल रही थी। यात्रियों का आरोप है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और मोड़ पर नियंत्रण खो बैठे। टक्कर के बाद बस का ड्राइवर साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस का मानना है कि ओवरस्पीडिंग इस हादसे का मुख्य कारण हो सकता है।

मलबा हटाने का काम जारी 

हादसे में बस और ट्रक, दोनों के ड्राइवरों की मौत हो गई। मरने वालों में कई महिलाएं और एक दस महीने का शिशु भी शामिल है। हादसे के बाद चेवेल्ला-तंदूर मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन ने क्रेन और जेसीबी की मदद से सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने मुख्य सचिव के. रामकृष्णा राव और डीजीपी बी. शिवधर रेड्डी को तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि सभी घायलों को तत्काल हैदराबाद के अस्पतालों में शिफ्ट किया जाए और किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए. मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी करने को कहा।

 

Back to top button