
Virat Kohli Birthday: रिकॉर्ड्स के ‘बादशाह’ का आज बर्थडे, चेज मास्टर को BCCI ने दी बधाई
Virat Kohli Birthday: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दुनिया भर में ‘रन मशीन’ के नाम से मशहूर विराट कोहली बुधवार को अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। देशभर से उन्हें बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
Virat Kohli Birthday: आज विराट कोहली 37 साल के हो गए हैं, जिन्होंने क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि एक भावना दी है। उनके जन्मदिन पर उनके रिकॉर्ड्स पर प्रकाश डाला गया है, जिनमें सबसे ज्यादा वनडे शतक, वनडे में 10 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सर्वश्रेष्ठ औसत, टेस्ट में सर्वाधिक दोहरे शतक (भारतीय के रूप में), और आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन शामिल हैं। वह टेस्ट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं और उन्होंने सिर्फ वनडे क्रिकेट में खेलना जारी रखा है। अपने बेमिसाल करियर में उन्होंने विश्व क्रिकेट के कई अहम रिकॉर्ड्स बनाए हैं।
BCCIसाझा की विराट कोहली की तस्वीर
बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विराट कोहली की तस्वीर साझा की और पोस्ट में लिखा कि आईसीसी पुरुष वनडे विश्व कप 2011, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2013 और 2025, तथा आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2024 के विजेता, टीम इंडिया के महान खिलाड़ी और पूर्व कप्तान विराट कोहली को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। बीसीसीआई ने विराट के अंतरराष्ट्रीय करियर के आंकड़े भी साझा किए- कुल मैच: 553, कुल रन: 27,673 शतक 82।
5⃣5⃣3⃣ int’l matches 🙌
2⃣7⃣6⃣7⃣3⃣ int’l runs 👏
8⃣2⃣ int’l hundreds 🫡Winner of ICC Men’s ODI World Cup 2011, ICC Champions Trophy 2013 & 2025 and ICC Men’s T20 World Cup 2024 🏆
Here’s wishing #TeamIndia great and former captain @imVkohli a very happy birthday 🎂 👏 pic.twitter.com/UTCnyYrV19
— BCCI (@BCCI) November 5, 2025
वनडे में सर्वाधिक शतक
कोहली वनडे में सबसे अधिक शतक जमाने वाले बल्लेबाज हैं। वनडे विश्व कप 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में अपने वनडे क्रिकेट करियर का 50वां शतक जमाया था। ऐसा कर उन्होंने पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (49) का रिकॉर्ड तोड़ा था। कोहली के नाम फिलहाल 51 वनडे शतक हैं। इन दोनों के बाद सूची में रोहित शर्मा (33), ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (30), श्रीलंका के सनथ जयसूर्या (28) और दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला (27) हैं।
सबसे तेज 27,000 अंतरराष्ट्रीय रन वाले खिलाड़ी
कुल मिलाकर कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी प्रारूपों को मिलाकर 52.21 की औसत से 27,673 रन बनाए हैं, जो केवल तेंदुलकर (34,357) और कुमार संगाकारा (28,016) से पीछे हैं। कोहली ने सितंबर 2024 में अपने 27,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए थे। उन्होंने इस आंकड़े को छूने के लिए 594 पारियों का सहारा लिया था। वह सबसे तेज इस आंकड़े को छूने वाले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने तेंदुलकर का पिछला रिकॉर्ड (623 पारी) तोड़ा था।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब जीतना किसी भी खिलाड़ी के निरंतर शानदार प्रदर्शन का प्रमाण होता है। कोहली ने 21 बार ये सम्मान हासिल किया है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 3 बार, वनडे में 11 बार और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7 बार ये उपलब्धि हासिल की है। इस सूची में दूसरे स्थान पर भारतीय टीम के पूर्व महान खिलाड़ी तेंदुलकर (20 बार) हैं।
जुलाई, 2016 से पहले कोहली के टेस्ट करियर में कोई दोहरा शतक नहीं था। इसके बाद उन्होंने 3 साल के अंदर ही 7 दोहरे शतक बनाए। उनकी यह शानदार उपलब्धि उनकी काबिलियत को दर्शाती है। कोहली के सभी दोहरे शतक भारत की कप्तानी करते हुए आए थे। कोई अन्य बल्लेबाज बतौर कप्तान 6 दोहरे शतक भी नहीं बना पाया। इस सूची में कोहली के बाद महान बल्लेबाज ब्रायन लारा हैं, जिन्होंने कप्तानी करते हुए 5 दोहरे शतक बनाए थे।
कोहली को 2012, 2017, 2018 और 2023 के लिए भी सर्वश्रेष्ठ वनडे खिलाड़ी चुना जा चुका है। वह 4 बार ये सम्मान हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं। इसके साथ-साथ कोहली ने 10 ICC पुरस्कार अपने नाम किए हैं और वह इस बड़ी उपलब्धि को हासिल करने वाले एकमात्र क्रिकेटर हैं। कोहली के बाद कुमार संगाकारा और महेंद्र सिंह धोनी ने 4-4 बार ICC पुरस्कार जीते हैं।





