शेफाली वर्मा को हरियाणा सरकार का सम्मान, महिला आयोग की बनीं ब्रांड एंबेसडर

Hariyana News: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी शेफाली वर्मा को हरियाणा सरकार ने उनके शानदार प्रदर्शन और वनडे विश्व कप 2025 में भारत की ऐतिहासिक जीत के लिए सम्मानित किया है। बीते दिन उन्होंने संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की, जहां उन्हें 1.5 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार और ग्रेड-ए प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शेफाली वर्मा की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि, “शेफाली ने न केवल हरियाणा का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा हैं।”

हरियाणा महिला आयोग ने बनाया ब्रांड एंबेसडर
सम्मान समारोह के दौरान हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने शेफाली वर्मा को आयोग का ब्रांड एंबेसडर घोषित किया। उन्होंने कहा कि शेफाली वर्मा हमारे देश और राज्य की सुपरस्टार हैं। 2026 के लिए हम उन्हें अपने मिशन की ब्रांड एंबेसडर बनाकर युवाओं को नशे से दूर रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश देना चाहते हैं।”

विश्व कप में शानदार वापसी
गौरतलब है कि शेफाली वर्मा को शुरू में महिला वनडे विश्व कप 2025 के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया था। लेकिन सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में जगह मिली।

सेमीफाइनल में शेफाली का प्रदर्शन मामूली रहा, जहाँ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ 10 रन बनाए, लेकिन भारत ने यह मैच 5 विकेट से जीता।
इसके बाद फाइनल मुकाबले में शेफाली ने शानदार वापसी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 87 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उनके दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने 298/7 का स्कोर खड़ा किया और साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर खिताब जीता।

यह भी पढ़ें…

राहुल गांधी का वोट चोरी पर एक और मिर्ची बम; कहा- हरियाणा में ब्राजील लेडी मॉडल…

खिलाड़ियों से शेफाली की अपील
सम्मान समारोह के दौरान शेफाली ने कहा कि यह जीत सिर्फ हमारी टीम की नहीं, बल्कि पूरे महिला क्रिकेट की जीत है। सीएम सर से मिलकर बहुत अच्छा लगा। हरियाणा में खिलाड़ियों को बहुत सपोर्ट मिलता है। मैं राज्य के सभी खिलाड़ियों से कहना चाहूंगी कि मेहनत करते रहिए, सरकार हमेशा आपके साथ है।

यह भी पढ़ें…

हरियाणा की MDU यूनिवर्सिटी में शर्मनाक बात; महिला स्टाफ को कहा कपड़े उतारो…

प्रेरणा बनीं हरियाणा की बेटी
शेफाली वर्मा की इस उपलब्धि ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास से कोई भी बाधा पार की जा सकती है। अब वे न सिर्फ एक सफल खिलाड़ी हैं, बल्कि हरियाणा की महिला सशक्तिकरण की प्रतीक और युवाओं की प्रेरणा भी बन चुकी हैं।

यह भी पढ़ें…

मरने के बाद भी दलित अफसर का हो रहा अपमान… राहुल गांधी ने परिवार से की मुलाकात

Back to top button