सूरत में बिहारी समुदाय से मिलेंगे पीएम मोदी, आदिवासी इलाकों में की रैली और पूजा-अर्चना

PM Modi Surat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने गुजरात दौरे पर सूरत और नर्मदा जिले पहुंचे। यह दौरा विकास परियोजनाओं की प्रगति समीक्षा, आदिवासी समुदाय से संवाद और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के विशेष समारोह से जुड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री ने सबसे पहले सूरत में बन रहे मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (बुलेट ट्रेन परियोजना) का निरीक्षण किया। यह परियोजना देश की सबसे महत्त्वाकांक्षी परिवहन योजनाओं में से एक मानी जाती है।

देवमोगरा मंदिर में की पूजा-अर्चना
हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की समीक्षा के बाद प्रधानमंत्री मोदी नर्मदा जिले के डेडियापाडा पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध देवमोगरा मंदिर में पंडोरी माता की पूजा-अर्चना की। पंडोरी माता को गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान के आदिवासी समुदाय अपनी कुलदेवी के रूप में पूजता है। मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री के आगमन पर बड़ी संख्या में आदिवासी श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया।

डेडियापाडा में भव्य रोड शो
पूजा के बाद प्रधानमंत्री ने डेडियापाडा क्षेत्र में एक भव्य रोड शो किया। सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग जुटे थे, जिन्होंने तालियों, जयघोष और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। रोड शो के दौरान आदिवासी कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुति दी, जिसने माहौल को उत्सवी बना दिया।

बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे 9,700 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएँ आदिवासी क्षेत्रों के विकास, कनेक्टिविटी सुधार, ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने से संबंधित हैं।

यह भी पढ़ें…

NDA की जीत पर पीएम मोदी का बयान… “जनता ने विकास मॉडल पर फिर से जताया भरोसा

जनजातीय अभियानों से जुड़े कार्यक्रमों में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री मोदी ‘प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान’ और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत बने एक लाख घरों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह अभियान शेष ग्रामीण परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें…

PM Modi का गुजरात दौरा… बिरसा मुंडा जयंती पर आदिवासी विकास को बड़ी सौगात

बिहारी समुदाय से मुलाकात करेंगे प्रधानमंत्री
दौरे के अंत में प्रधानमंत्री मोदी सूरत एयरपोर्ट पर बिहारी समुदाय से मुलाकात करेंगे। जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम में बिहार से जुड़े लगभग 10 से 15 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस समुदाय की ओर से प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए विशेष तैयारियाँ की गई हैं। एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी भी मौजूद रहेंगे।

यह भी पढ़ें…

ED की पूछताछ में अनिल अंबानी गैरहाज़िर, किया वर्चुअल पेशी की पेशकश

Back to top button