
Saudi Arabia Accident: बस-तेल टैंकर की भीषण टक्कर, 42 भारतीय जिंदा जले
Saudi Arabia Accident: सऊदी अरब में मदीना के पास उमरा यात्रियों से भरी बस डीजल टैंकर से टकरा गई। इस हादसे के तुरंत बाद आग लग गई, जिसमें कम से कम 42 भारतीयों की मौत हो गई।
Saudi Arab Bus Accident: सऊदी अरब में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 42 भारतीय उमरा यात्रियों के मारे जाने की आशंका है। हादसा उस समय हुआ जब मक्का से मदीना जा रही एक बस मुफ्रिहात इलाके के पास एक डीजल टैंकर से टकरा गई। कई यात्री हैदराबाद के बताए जा रहे हैं. तेलंगाना सरकार, भारतीय दूतावास और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
तेलंगाना सरकार ने जारी किया बयान
हादसे की सूचना मिलने के बाद तेलंगाना सरकार भी सऊदी अरब के रियाद में भारतीय दूतावास से बातचीत कर रही है। तेलंगाना सरकार ने औपचारिक बयान जारी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्र सरकार को हादसे के बारे में बताते हुए दूतावास के अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की है।
शवों को वापस लाने की मांग
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि उन्होंने हैदराबाद से जुड़े दो ट्रैवल एजेंसियों से संपर्क किया है और यात्रियों की सूची भारतीय अधिकारियों व दूतावास के साथ साझा की है. उन्होंने दावा किया कि ‘शायद बस में सिर्फ एक यात्री जीवित बचा हो’, हालांकि उन्होंने कहा कि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
भारतीय दूतावास ने हादसे की पुष्टि करते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। दूतावास के अनुसार, “मदीना के पास हुए दर्दनाक हादसे के मद्देनजर सऊदी अरब आए सभी भारतीय उमरा यात्रियों के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है, जो 24*7 खुला रहता है। भारतीय हज यात्री हेल्पलाइन नंबर- 8002440003 पर संपर्क कर सकते हैं।”





