
धर्मेंद्र का 89 की उम्र में निधन, लंबी बीमारी से थे ग्रसित; बॉलीवुड में शोक की लहर
Dharmendra Death: भारतीय सिनेमा के ही-मैन धर्मेंद्र का आज 24 नवंबर को 89 साल की उम्र में निधन हो गया है. आईएएनएस के अनुसार आज एक्टर का निधन हो गया है.
आज एक्टर के घर एक एंबुलेंस पहुंची थी, जिसके बाद से उनके फैंस को एक बार फिर टेंशन होने लगी थी, क्योंकि इससे पहले एक्टर की मौत की अफवाह फैली थी, जिससे पूरा देश सदमे में आ चुका था, लेकिन अब धर्मेंद्र ने दुनिया को अलविदा कह दिया है. एक्टर का निधन उनके 90वें बर्थडे से पहले हुआ है. वह आगामी 8 दिसंबर 2025 को अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे.
#BREAKING: Veteran actor Dharmendra passes away at the age of 89 pic.twitter.com/CUZbbk55lS
— IANS (@ians_india) November 24, 2025
पहले उड़ी थी मीडिया में मौत की अफवाह:
बता दें, हाल ही में एक्टर की तबीयत खराब होने के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां वह 11 दिनों तक आईसीयू वार्ड में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे और इस बीच एक्टर के निधन की अफवाह भी फैली थी, जिस पर दिग्गज अभिनेता का पूरा परिवार गुस्सा गया था. वहीं, अस्पताल से एक्टर की वीडियो भी रिलीज हुई थी, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं. इस वीडियो में धर्मेंद्र अस्पताल के बेड पर थे और उनके चारो उनकी फैमिली (पत्नी प्रकाश कौर, सनी देओल, बॉबी देओल और दोनों बेटियां) मौजूद थी.
सुपर स्टार धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म:
आज 24 नवंबर को धर्मेंद्र का फिल्म इक्कीस से फर्स्ट लुक पोस्टर सामने आया था. इस फिल्म में वह लीड एक्टर अगस्त्य नंदा के पिता के किरदार में नजर आने वाले हैं. यह धर्मेंद्र के करियर की आखिरी फिल्म होगी, जो आगामी 25 दिसंबर को 2025 को रिलीज होगी.
एक शानदार फिल्मी सफर
धर्मेंद्र ने भारतीय सिनेमा में लगभग 65 सालों तक राज किया। उनका फिल्मी सफर साल 1960 में फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ से शुरू हुआ था। इस फिल्म के साथ ही उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपनी दमदार अदाकारी, आकर्षक व्यक्तित्व और बहुमुखी प्रतिभा के दम पर उन्होंने दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई। उन्होंने ‘शोले’, ‘सीता और गीता’, ‘मेरा गांव मेरा देश’, ‘लोहा’ जैसी कई बेहतरीन और यादगार फिल्मों में काम किया, जिनके जरिए उन्होंने लोगों का खूब मनोरंजन किया। उनकी हर फिल्म में उनका एक अलग अंदाज देखने को मिलता था, जो उन्हें बाकी अभिनेताओं से अलग बनाता था।
300 से अधिक फिल्मों का योगदान
धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसराली गांव में हुआ था। इस छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने बॉलीवुड के सबसे बड़े और सफल अभिनेताओं में से एक बनने का सफर तय किया और अपने करियर में उन्होंने 300 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया, जो उनकी कड़ी मेहनत, लगन और अभिनय के प्रति समर्पण को दर्शाता है। पर्दे पर उनकी अदाकारी को हर वर्ग के दर्शकों ने खूब पसंद किया। उन्होंने न केवल हिंदी सिनेमा में बल्कि पंजाबी सिनेमा में भी अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरा, जिससे उनकी लोकप्रियता और भी बढ़ गई। उनकी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें ‘हीमैन’ का खिताब दिलाया।





