
लुलु मॉल में आया थ्रेट मेल… UP विधानसभा और चारबाग स्टेशन उड़ाने की धमकी
Lucknow News: लखनऊ के लुलु मॉल के बाथरूम में एक धमकी भरा पत्र मिला है, जिसमें चारबाग स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण इमारतों को उड़ाने की धमकी दी गई है। पत्र में 24 घंटे में तबाही मचाने की चेतावनी दी गई।
Lucknow News: दिल्ली विस्फोट कांड के 14वें दिन और अयोध्या में आयोजित होने वाले धर्म ध्वजा कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर लुलु मॉल के बाथरूम में सोमवार को धमकी भरा पत्र मिला। पत्र में चारबाग समेत शहर की प्रमुख इमरतों, यूपी विधान सभा, एयरपोर्ट, चारबाग स्टेशन और स्कूलों को उड़ाने की धमकी दी गई। लिखा था कि 24 घंटे के अंदर शहर में तबाही मचेगी। बचा सकते हो तो बचा लो। घटना की जानकारी लुलु माल प्रशासन ने पुलिस को दी। इसके बाद शहर भर की पुलिस सड़क पर उतरी।
मॉल प्रबंधन को कचरे के डिब्बे में मिला पत्र
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय लूलू मॉल के हाउसकीपिंग कर्मचारियों को कचरे के डिब्बे से एक संदिग्ध पन्ना मिला। कागज़ पर साफ–साफ लिखा था कि “अगले 24 घंटे में लखनऊ में कई जगहों पर ब्लास्ट होंगे। पत्र में शहर के कुछ इलाकों, स्कूलों, बाजारों और व्यस्त स्थानों को उड़ाने की धमकी दी गई थी। यह भी चेतावनी दी गई थी कि पुलिस अगर सुरक्षा कड़ी करने के लिए कदम उठाएगी तो धमाकों की संख्या और बढ़ा दी जाएगी। मॉल के अधिकारियों ने तुरंत यह बात सुरक्षा टीम को बताई, जिसने तत्काल इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। कुछ ही मिनटों में भारी संख्या में पुलिस बल मॉल के भीतर और बाहर पहुंच गया।
पुलिस की कार्रवाई
- लूलू मॉल को तत्काल खाली नहीं कराया गया, लेकिन गहन चेकिंग शुरू की गई
- हर एंट्री–एग्जिट पॉइंट पर मेटल डिटेक्टर और स्कैनर लगाए गए
- मॉल की पार्किंग में खड़ी हर गाड़ी की जांच की गई
- रायबरेली रोड, अलीगंज, चौक, हजरतगंज, गोमतीनगर और कैंट क्षेत्र में नाकेबंदी
- स्कूलों के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई
- रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सुरक्षा तैनाती
- पुलिस आयुक्त कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि कोई भी धमकी हल्के में नहीं ली जाएगी और सभी स्थानों पर सुरक्षा पूरी तरह कड़ी कर दी गई है।
एसीपी विभूतिखंड विनय द्विवेदी ने कमता बस अड्डा, एसीपी गाजीपुर अनिद्य विक्रम सिंह ने इंदिरानगर बाजार व मेट्रो स्टेशन, एसीपी महानगर अंकित कुमार ने बादशाहनगर बाजार व मेट्रो स्टेशन पर सघन चेकिंग कराई। रात तक अभियान जारी रहा। हालांकि किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
लुलु मॉल प्रबंधन द्वारा सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। देखते ही देखते पूरे शहर में सुरक्षा एजेंसियां सड़क पर उतर आईं। बम और डॉग स्क्वायड के साथ कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद मोर्चा संभालते नजर आए। एडीसीपी मध्य जितेंद्र दुबे, एसीपी हजरतगंज विकास कुमार जायसवाल और इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने विधानभवन, लोक भवन, मेट्रो स्टेशन, शॉपिंग मॉल और भीड़भाड़ वाले बाजारों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। कई शिक्षण संस्थानों में भी सुरक्षा जांच की गई।





