
Lucknow News: स्माइलिंग थीम पर लखनऊ में बनेगा पेडेस्ट्रियन ब्रिज, जाने क्या है खास?
Lucknow News: लखनऊ में गोमती नदी पर 54 करोड़ की लागत से 180 मीटर लंबा पेडेस्ट्रियन ब्रिज बनाया जाएगा, जो रिवर फ्रंट के दोनों किनारों को जोड़ेगा. यह स्माइलिंग थीम ब्रिज शहर को नई पहचान देगा.
Lucknow News: अहमदाबाद के अटल ब्रिज की तर्ज पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती नदी पर आकर्षक पेडेस्ट्रियन ब्रिज बनाया जाएगा।180 मीटर लंबे इस ब्रिज का उद्देश्य रिवर फ्रंट के दोनों किनारों को जोड़ना है। इसकी लागत लगभग 54 करोड़ रुपये तय की गई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इसकी निर्माण रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया है। शासन की मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि यह ब्रिज अहमदाबाद के प्रसिद्ध ‘अटल ब्रिज’ की तर्ज पर तैयार किया जाएगा और इसकी डिजाइन बेहद अनूठी होगी।
ब्रिज की चौड़ाई 12 मीटर
ब्रिज की चौड़ाई 12 मीटर रखी जाएगी। ब्रिज के स्ट्रक्चर को संभालने के लिए 13 पिलर्स बनाए जाएंगे। पुल के तल पर 30 मीटर और 40 मीटर चौड़े स्पान प्लेट गर्डर्स दिए जाएंगे, जहां लोग खड़े होकर नदी का नजारा देख सकेंगे। इसके अलावा स्टील ट्यूबलर सेक्शन से ब्रिज के किनारों की संरचना की जाएगी।
स्माइलिंग थीम पर होगा पेडेस्ट्रियन ब्रिज
पेडेस्ट्रियन ब्रिज मुस्कुराइए कि आप लखनऊ में हैं की स्माइलिंग थीम पर होगा। इसकी झलक इसकी डिजाइन में भी दिखेगी। पुल की सतह पर स्टांप कंक्रीटिंग, जीआरसी पैनल, ग्रेनाइट, एसीपी पैनल का काम कराया जाएगा। इसके अलावा टेंसाइल स्ट्रक्चर से रूफिंग की जाएगी। पुल पर स्ट्रीट लाइटें, बोलार्ड लाइट व फ्लोर लाइटें लगवाई जाएंगी। जिससे रात के समय पर्याप्त रोशनी के साथ पुल की सुंदर आकृति दिखेगी। ब्रिज पर सजावटी पौधों व छोटे फूलदार वृक्षों के साथ लैंडस्केपिंग का कार्य किया जाएगा।
यहां ब्रिज बनने से गोमती नदी के दायें किनारे पर लोगों की आवाजाही बढ़ेगी और वहां विकसित क्रिकेट स्टेडियम, विवाह स्थल, किड्स प्ले एरिया, एम्फीथिएटर, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, वॉटर स्पोर्ट्स आदि गतिविधियों की उपयोगिता सार्थक होगी।





