फ्लाइट में बम की आशंका, यात्रियों की सांसें थमीं… मुंबई में की गई सुरक्षित लैंडिंग

Indigo Bomb Scare: कुवैत से हैदराबाद आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब उड़ान के दौरान विमान को बम से उड़ाने की धमकी का ईमेल प्राप्त हुआ। धमकी को गंभीरता से लेते हुए विमान को तुरंत मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन रूप से उतारा गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया।

ईमेल के जरिए मिली थी धमकी, दिल्ली एयरपोर्ट हुआ अलर्ट
जानकारी के अनुसार, बम धमकी वाला ईमेल दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन को भेजा गया था। ईमेल मिलते ही अधिकारियों ने अलर्ट जारी किया और संबंधित एयरलाइंस एवं एटीसी से संपर्क किया गया। इसके बाद इंडिगो फ्लाइट को सुरक्षित रूप से मुंबई की ओर मोड़ा गया और यात्रियों को किसी अप्रिय स्थिति से बचाने हेतु इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई।

सुबह 8:10 बजे मुंबई में उतारा गया विमान
FlightRadar24 के मुताबिक, यह इंडिगो एयरबस A321-251NX विमान कुवैत से रात 1:56 बजे उड़ा था और सीधे हैदराबाद जाने वाला था। हालांकि, धमकी की जानकारी मिलते ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को आज सुबह 8:10 बजे मुंबई में उतारा गया। लैंडिंग के बाद विमान को आइसोलेटेड बे में ले जाया गया और सभी यात्रियों व क्रू को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

सुरक्षा एजेंसियाँ मौके पर, तलाशी जारी
मुंबई एयरपोर्ट पर CISF, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और सुरक्षा अधिकारियों ने मिलकर विमान की विस्तृत जांच की। यात्रियों के सामान से लेकर कार्गो सेक्शन तक सभी हिस्सों की तलाशी ली गई। देर तक चले ऑपरेशन के दौरान किसी विस्फोटक सामग्री की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने जांच जारी रखी है।

यह भी पढ़ें…

संसद में SIR मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा जारी, दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियाँ, बढ़ी सुरक्षा चिंताएँ
यह पहली बार नहीं है जब हैदराबाद आने वाली फ्लाइट को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले 23 नवंबर को बहरीन से हैदराबाद आने वाली एक फ्लाइट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद उसे भी मुंबई की ओर मोड़कर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई थी।
लगातार सामने आ रही ऐसी धमकियों ने हवाई सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें…

Sanchar Sathi: संचार साथी ऐप को सरकार कर रही अनिवार्य, विपक्ष उठा रहा सवाल…

यात्रियों में दहशत, लेकिन सभी सुरक्षित
इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित उतारे गए। हालांकि यात्रा के दौरान मिली धमकी से यात्री भयभीत हो गए थे। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें…

भारतीय रेलवे की बड़ी पहल… स्लीपर कोच में अब मिलेगी बेडरोल सुविधा

Back to top button