US Air Force का थंडरबर्ड्स F-16 कैलिफोर्निया में क्रैश… बना आग का गोला

F-16 Thunderbird crash: अमेरिकी वायुसेना के प्रतिष्ठित ‘थंडरबर्ड्स’ दस्ते का एक F-16C फाइटिंग फाल्कन लड़ाकू विमान दक्षिणी कैलिफोर्निया के मोजावे रेगिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा और उसे जानलेवा चोटें नहीं आईं। सैन बर्नार्डिनो काउंटी फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, पायलट का इलाज अस्पताल में जारी है।

प्रशिक्षण मिशन के दौरान हुआ हादसा
नेवादा स्थित नेलिस एयर फ़ोर्स बेस ने बताया कि जेट बुधवार सुबह लगभग 10:45 बजे ‘नियंत्रित हवाई क्षेत्र’ में नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
विमान ट्रोना इलाके के पास गिरा, जो लॉस एंजिलिस से करीब 290 किमी उत्तर में स्थित है। यह वही क्षेत्र है जहां 2022 में अमेरिकी नौसेना का एक F/A-18E सुपर हॉर्नेट भी क्रैश हुआ था, जिसमें पायलट की मौत हो गई थी।


छह में से केवल पाँच जेट लौटे
जानकारी के मुताबिक, दिन में छह थंडरबर्ड्स जेट प्रशिक्षण के लिए हवा में पहुंचे थे, लेकिन दुर्घटना के बाद सिर्फ पाँच ही सुरक्षित बेस पर लौट पाए। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार विमान चाइना लेक नेवल एयर वेपन्स स्टेशन के नज़दीक गिरा—यह क्षेत्र अपनी भू-संरचना और प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र के कारण सैन्य परीक्षण व प्रशिक्षण के लिए जाना जाता है।

दुर्घटना की जांच जारी
अमेरिकी वायुसेना ने कहा है कि क्रैश के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। आगे की जानकारी 57वें विंग पब्लिक अफेयर्स ऑफिस की ओर से जारी की जाएगी।
थंडरबर्ड्स आमतौर पर बड़े एयरशो से पहले अपने बेस के आसपास नियमित रूप से प्रशिक्षण अभ्यास करते हैं।

Back to top button