Squash World Cup: भारत ने स्क्वैश में रचा इतिहास, खाते में आया एक और विश्व कप

Squash World Cup 2025: चेन्नई के एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में खेले गए स्क्वैश वर्ल्ड कप के फाइनल में भारतीय मिक्स्ड टीम ने हॉन्गकॉन्ग को 3-0 से हराकर इतिहास रच दिया।

Squash World Cup 2025: भारत ने स्क्वैश वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। यह पहली बार है जब किसी एशियाई देश ने खिलाफ को अपने नाम किया है। यह मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत का पहला गोल्ड मेडल है। इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2023 में ब्रॉन्ज मेडल रहा था। इस टूर्नामेंट में 12 टीमों ने शॉर्ट और फास्ट फॉर्मेट में हिस्सा लिया। भारत ने सेमीफाइनल में मजबूत मानी जाने वाली मिस्र की टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

विश्व चैंपियन बनने वाली पहली एशियाई टीम

भारतीय टीम की अगुआई दिग्गज खिलाड़ी जोशना चिनप्पा ने की। फाइनल के पहले मुकाबले में जोशना ने हांगकांग की यी ली (वर्ल्ड नंबर-37) को 3-1 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद अभय सिंह ने एलेक्स लाउ को 3-0 से मात दी। निर्णायक मुकाबले में 17 साल की अनाहत सिंह ने टोमेटो हो को 3-0 से हराकर भारत की ऐतिहासिक जीत पक्की कर दी।

भारतीय टीम में जोशना चिनप्पा, अभय सिंह, वेलावन सेंथिलकुमार और अनाहत सिंह शामिल थे। मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में मौजूद रहे।

2028 ओलिंपिक से पहले बड़ी उपलब्धि

स्क्वॉश को 2028 लॉस एंजेलिस ओलिंपिक में पहली बार शामिल किया जा रहा है। ऐसे में यह जीत युवा खिलाड़ियों अनाहत सिंह और अभय सिंह के साथ-साथ भारतीय स्क्वैश के लिए भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

भारत ने फाइनल में हांगकांग को 3-0 से हराकर खिताब जीता। इसी के साथ भारत स्क्वाश की विश्व चैंपियन बनने वाली पहली एशियाई टीम भी बन गई है।वहीं भारत स्क्वाश वर्ल्ड कप जीतने वाला चौथा देश बना है। भारत से पहले ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और एजिप्ट ने यह खिताब जीता था।

 

 

Back to top button