
प्रयागराज में प्रतियोगी छात्रों का बवाल; अखिलेश का तंज- भाजपा जाए तो नौकरी…
UPPSC Student Protest: यूपी लोक सेवा आयोग (UPPSC) के सामने सोमवार को प्रतियोगी छात्रों और पुलिस बल के बीच बड़ा बवाल हुआ.
UPPSC Student Protest: यूपी पुलिस ने जाम खुलवाने और प्रदर्शन को खत्म करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया तो प्रतियोगियों ने हंगामा शुरू कर दिया. इस दौरान अफरातफरी मच गई. पुलिस ने कुछ प्रतियोगियों को हिरासत में लिया है.
धरने पर बैठे प्रतियोगी छात्र : अपनी कई मांगों को लेकर छात्रों ने पहले ही प्रशासन और आयोग को चेतावनी दी थी और कहा था कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 15 दिसंबर को लोक सेवा आयोग के सामने व्यापक धरना प्रदर्शन होगा. कई दौर की बातचीत के बावजूद मांगें पूरी न होने पर छात्र आयोग के मुख्य गेट के सामने सड़क पर बैठ गए.
#Prayagraj
भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रयागराज में यूपीपीएससी के बाहर प्रतियोगी छात्रों का गुस्सा फूटा है। इस दौरान पुलिस भी ऐक्शन में नजर आई है। धरना प्रदर्शन के दौरान जब छात्रों ने सड़क पर बैठकर आंदोलन तेज करने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें हटाने का… pic.twitter.com/dcwqfYo6DE— Live New India (@livenewindia01) December 15, 2025
इससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. स्थिति को कंट्रोल करने के लिए मौके पर पैरामिलिट्री फोर्स बुलाई गई. छात्रों को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया. फिलहाल छात्रों का प्रदर्शन जारी है. आंदोलन के समर्थन में यूपी शिक्षक संगठनों से जुड़े लोग भी पहुंचे हुए हैं.
आंसर शीट से नाराज : प्रदर्शन कर रहे प्रतियोगी छात्र PCS 2024 प्रारंभिक परीक्षा और RO-ARO 2023 प्रारंभिक परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर नाराज हैं. छात्रों का आरोप है कि अंतिम परिणाम घोषित होने के बावजूद आयोग ने अब तक संशोधित फाइनल आंसर-की जारी नहीं की है. साथ ही कैटेगरी वाइज कटऑफ और अभ्यर्थियों के प्राप्तांक भी सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं.
आंसर-की जारी करने की मांग : छात्रों की मांग है कि फाइनल रिजल्ट के बाद संशोधित आंसर-की जारी की जाए, ताकि अभ्यर्थी अपने उत्तरों का मिलान कर सकें. इसके अलावा सभी वर्गों का कटऑफ और सफल व असफल अभ्यर्थियों के अंक सार्वजनिक किए जाएं. प्रतियोगी छात्रों का यह भी कहना है कि अलग-अलग भर्तियों में प्री परीक्षा में कम से कम 15 गुना अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया जाए, ताकि प्रतियोगिता में पारदर्शिता बनी रहे.
प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी प्रशांत पांडेय ने कहा कि आयोग द्वारा जारी परीक्षा कैलेंडर के अनुसार परीक्षाओं का आयोजन नहीं किया जाता, जिससे तैयारी प्रभावित होती है. भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार खत्म करने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की भी मांग की.
अलर्ट मोड पर पुलिस: प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पहले से अलर्ट मोड में था. लोक सेवा आयोग क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. मौके पर पुलिस, पीएसी और आरएएफ की तैनाती की गई है. ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जा रही है. कई थानों की फोर्स, एसीपी स्तर के अधिकारी और फायर ब्रिगेड भी तैनात हैं.





