
IND vs SA: आज लखनऊ में भारत-साउथ अफ्रिका का मैच, CM योगी भी पहुंचेंगे इकाना स्टेडियम
IND vs SA: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 17 दिसंबर को भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले टी-20 मैच को लेकर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है।
IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रिका के बीच आज चौथा T20 क्रिकेट मैच खेला जाएगा। यह मैच लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा। जिसे देखने के लिए यूपी के सीएम योगी भी पहुंचेंगे। क्रिकेट के चलते लखनऊ में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। तीन एसपी, 6 एडिशनल एसपी, 16 डिप्टी एसपी रैंक के अधिकारियों की तैनाती की गई है। अपराह्न 03 बजे से मैच की समाप्ति तक शहीद पथ पर रोडवेज सहित सभी बसें और अन्य सभी भारी और कॉमर्शियल वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। आइए देखते है पूरी डिटेल…
लखनऊ में कई रास्ते बंद
इस दौरान आम लोगों को अनावश्यक रूप से शहीद पथ का प्रयोग न करने और बदलाव में सहयोग करने की अपील भी की गई है। यातायात का बदलाव दोपहर तीन बजे से मैच खत्म होने तक जारी रहेगा।
पुलिस उपायुक्त यातायात कमलेश दीक्षित ने बताया कि मैच के दौरान कमता से सामान्य यातायात इकाना स्टेडियम की तरफ नहीं आ सकेगा। इसे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान चौराहा, समतामूलक, लालबत्ती चौराहा, तेलीबाग या फिर इंदिरा नहर चौराहे से किसान पथ की तरफ से भेजा जाएगा। कानपुर रोड से सामान्य यातायात शहीद पथ होकर सुलतानपुर रोड, अयोध्या रोड की तरफ नहीं जाएगा। इसे तेलीबाग या फिर दारोगा खेड़ा किसान पथ की तरफ से रवाना किया जाएगा।
ओला/ऊबर व अन्य किराए के वाहन
ओला, ऊबर और अन्य टैक्सी हुसड़िया से सुशान्त गोल्फ सिटी के बीच शहीद पथ पर सवारी न बैठाएंगे और न ही उतारेंगे।
निजी वाहन यहां पार्क होंगे
जिनके पास वाहन पास होगा वे अहिमामऊ से एचसीएल की तरफ जाकर वाटर टैंक तिराहा से प्लासियो होते हुए चिह्नित पार्किंग में वाहन पार्क करेंगे। जिन वाहन स्वामियों के पास वाहन पास नहीं है, वे भी अहिमामऊ से एचसीएल होकर जाएंगे।
स्टेडियम में तीन सुपर जोन, छह जोन और 16 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था को बांटा गया है। एक हजार से अधिक पुलिस कर्मी ड्यटी पर हैं। सुपर जोन का प्रभारी एसपी, जोन का एडिशनल एसपी और सेक्टर का प्रभारी डिप्टी एसपी को बनाया गया है। डिजिटल टिकट मान्य नहीं होंगे। यह जानकारी संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने दी।





