
साइकिल से लैंबार्गिनी तक का सफर… क्रूज पर शादी से ED रेड तक, कौन है यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी?
Anurag Dwivedi Kaun Hai: ED की जांच का फोकस अब सिर्फ ऑनलाइन सट्टेबाजी तक सीमित नहीं है. दुबई के क्रूज़ शिप पर हुई अनुराग द्विवेदी की शाही शादी भी जांच के दायरे में आ गई है।
Anurag Dwivedi Kaun Hai: उन्नाव के रहने वाले फेमस यूट्यूबर और फैंटेसी क्रिकेट एक्सपर्ट अनुराग द्विवेदी दुबई में हुई लग्जरी शादी के बाद जांच एजेंसियों के रडार पर आ गए हैं. करोड़ों की संपत्ति, महंगी गाड़ियां और सोशल मीडिया से कमाई के बीच ED ने उनके घर छापेमारी कर बैंक ट्रांजैक्शन और दस्तावेज खंगाले. साइकिल से सुपरकार तक का सफर तय करने वाले अनुराग की कमाई, विवाद और पूरे मामले की पूरी कहानी।
क्रूज पर शादी कर चर्चा में आया
पिछले महीने 22 नवंबर 2025 को अनुराग एक बार फिर सुर्खियों में आया, जब उसने दुबई में भव्य शादी की. बताया जाता है कि यह शादी क्रूज पर आयोजित की गई थी, जिसमें रिश्तेदारों और करीबी लोगों को दुबई लाने-ले जाने की पूरी व्यवस्था भी अनुराग ने खुद की थी. शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे.
साइकिल से लैंबार्गिनी तक का सफर
आमतौर पर छोटे से गांव से निकलकर इतनी कम उम्र में इस स्तर की शानो-शौकत भरी शादी करना लोगों को हैरान कर गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि अनुराग द्विवेदी की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लगती. कई लोग उनकी तुलना इमरान हाशमी की फिल्म ‘जन्नत’ के किरदार से करते हैं, जहां एक युवा तेजी से दौलत और शोहरत की सीढ़ियां चढ़ता है. हालांकि, इसी तेज रफ्तार सफलता ने उन्हें जांच एजेंसियों के रडार पर भी ला खड़ा किया.
अवैध बेटिंग ऐप्स को प्रमोट करने का आरोप
अनुराग द्विवेदी पर आरोप है कि वे ऑनलाइन अवैध बेटिंग ऐप्स को प्रमोट करते थे. ED का दावा है कि इन ऐप्स से होने वाली कमाई को उन्होंने हवाला के जरिए दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में निवेश किया. छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेज मनी ट्रेल की ओर इशारा करते हैं.
एजेंसी के मुताबिक, अनुराग द्विवेदी ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म को बढ़ावा देने में सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. ED का दावा है कि द्विवेदी ने इन प्लेटफॉर्म्स के प्रचार के लिए वीडियो बनाए और साझा किए तथा इसके बदले हवाला ऑपरेटरों, म्यूल खातों और बिचौलियों के जरिए कैश लिया. जांच में यह भी पाया गया कि उनकी कंपनियों और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में बड़ी मात्रा में पैसा जमा हुआ, जिसके पीछे कोई वैध व्यावसायिक आधार नहीं पाया गया.
लग्जरी कारें जब्त
जांच के दौरान एजेंसी ने चार महंगी गाड़ियां जब्त कीं हैं. जिनमें लैंबोर्गिनी, BMW, मर्सिडीज शामिल हैं. कारों के अलावा कई डिजिटल डिवाइसेज़ और वित्तीय दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए. ED की टीम इस पहलू की भी जांच कर रही है कि अनुराग फिलहाल कहां हैं और भारत से बाहर उनकी गतिविधियां किस तरह संचालित हो रही हैं.
पूरे नेटवर्क पर ED की नजर
ED की जांच अब अनुराग द्विवेदी के पूरे नेटवर्क और उनके आर्थिक सिस्टम को खंगाल रही है। धन शोधन रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज ED की जांच पश्चिम बंगाल पुलिस की उस FIR पर आधारित है, जिसमें धोखाधड़ी, जालसाजी, अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों के आरोप पहले से दर्ज हैं।
आने वाले दिनों में अनुराग द्विवेदी और उनके करीबियों से पूछताछ का दौर शुरू हो सकता है। ईडी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन से रसूखदार लोग शामिल हैं। इस बड़ी कार्रवाई ने फैंटेसी स्पोर्ट्स और सट्टेबाजी के नाम पर अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा दिया है।





