UP News: ज्यादा फास्ट फूड खाने से आंतों में हुआ छेद; 11वीं की छात्रा ने तोड़ा दम….

Fast Food Side Effects: यूपी के अमरोहा में 11वीं क्लास की एक छात्रा की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। छात्रा को फास्ट फूड ज्यादा खाने की आदत थी, जिसकी वजह से उसकी तबीयत बिगड़ गई।

Fast Food Side Effects: फास्ट फूड लगातार खाना सेहत के लिए कितना खतरनाक हो सकता है, इसका दर्दनाक उदाहरण अहाना की कहानी है। आज अहाना इस दुनिया में नहीं है. उसे फास्ट फूड खाने का बेहद शौक था और घरवालों के बार-बार मना करने के बावजूद वह चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर जैसी चीजें लगातार खाती रही. यही आदत उसकी सेहत पर भारी पड़ गई. उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उसकी मौत हो गई।

मना करने के बाद भी खाती थी फास्ट फूड

मृतक छात्रा अहाना (16) अमरोहा नगर के मोहल्ला अफगानान निवासी किसान मंसूर खान की बेटी थी। वह शहर के हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी और परिवार में सबसे छोटी बेटी थी। परिवार में मां सारा खान, एक भाई और दो बहने हैं। परिजनों के अनुसार अहाना को फास्ट फूड खाने की आदत थी। मना करने के बावजूद वह अक्सर चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर का सेवन करती रहती थी। सितंबर माह में उसकी तबीयत बिगड़नी शुरू हुई और पेट में तेज दर्द रहने लगा।

आपस में चिपक गई थीं आंतें

30 नवंबर को परिजन उसे मुरादाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां जांच में सामने आया कि उसकी आंतें आपस में चिपक गई हैं और उनमें कई जगह छेद हो चुके हैं। डॉक्टरों ने आंतों की खराब हालत का मुख्य कारण लगातार फास्ट फूड का सेवन बताया। छात्रा का ऑपरेशन किया गया, जो सफल रहा। करीब 10 दिन बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन उसकी सेहत में लगातार गिरावट आती रही।

ये भी पढ़े- ‘चुन-चुनकर राख में मिला देंगे…’, KGMU में लव जिहाद पर भड़कीं अपर्णा यादव

21 दिसंबर को फिर से अहाना की तबीयत खराब हुई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अहाना की मौत का कारण चाऊमीन, नूडल्स, बर्गर और पिज्जा जैसे फास्ट फूड बताए जा रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने उनसे बताया कि फास्ट फूड ज्यादा खाने की वजह से अहाना की आंतें आपस में चिपक गईं और उनमें छेद हो गए थे। डॉक्टरों का कहना है कि फास्ट फूड से बच्चों को बचाना चाहिए, इनका ज्यादा सेवन जानलेवा हो सकता है।

ये भी पढ़े- UP News: फैमिली रेस्टोरेंट में चल रहा था सेक्स रैकेट, आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए चार जोड़े

 

 

Back to top button