
कानपुर में मेट्रो के 8 नए स्टेशन, नौबस्ता से बर्रा तक संचालन की तैयारी…
Kanpur Metro News: यूपी के कानपुर में मेट्रो का दायरा ज्यादा हो सके, इस दिशा में नौबस्ता से बर्रा तक मेट्रो का नया रूट बनाने की तैयारी चल रही है. जिसकी लंबाई 5.9 किलोमीटर की होगी और इसमें कुल 8 नए स्टेशन बनाए जाएंगे.
Kanpur Metro News: मेट्रो ने इसके लिए 1900 करोड़ रुपये की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है. कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने राइट्स कंपनी को डीपीआर बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी. जिसे राइट्स ने बनाकर यूपीएमआरसी को सौंप दिया. अब यूपीएमआरसी और केडीए इस डीपीआर को योगी सरकार के सामने रखेंगे.
यूपीएमआरसी के संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क विभाग पंचानन मिश्रा ने बताया कि मौजूदा समय में कानपुर के अंदर मेट्रो का संचालन आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक हो रहा है. जिसमें आईआईटी से मोतीझील तक मेट्रो ऊपर की ओर दौड़ती है. मोतीझील, चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नयागंज से सेंट्रल स्टेशन तक सुरंग रास्ता रहता है.
पंचानन मिश्रा ने बताया कि दिसंबर के अंत तक या जनवरी की शुरुआत में ही कानपुर सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता के बीच ट्रायल रन शुरू होना है. इसके बाद मार्च तक आईआईटी से नौबस्ता तक मेट्रो के संचालन की तैयारी है. दूसरी ओर शहर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि (सीएसए विवि) से लेकर बर्रा आठ तक भी मेट्रो के संचालन की तैयारी है.
यूपीएमआरसी के संयुक्त महाप्रबंधक ने बताया कि नौबस्ता से बर्रा तक मेट्रो संचालन शुरू हुआ तो दोनों कॉरिडोर आपस में जुड़ जाएंगे. इससे पूरे शहर की करीब 50 लाख आबादी को राहत मिल जाएगी. नौबस्ता से बर्रा तक के नए रूट के मेट्रो प्रस्ताव को योगी सरकार के समक्ष रखा जाएगा.
कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-2 में 8 स्टेशन: रिपोर्ट्स के अनुसार कानपुर मेट्रो कॉरिडोर प्रथम 29 दिसंबर 2021 से कॉरिडोर शुरू हुआ. पहले 11 स्टेशन थे, अब कुल 16 हो गए हैं. 23 मई 2025 को अंडरग्राउंड 5 स्टेशन भी जुड़ गए. जिसके बाद संख्या 16 हो गई. कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 में सीएसए से बर्रा-8 के बीच की लंबाई 8.60 किलोमीटर है. जिसमें 4.10 किलोमीटर का जो हिस्सा है, वह अंडरग्राउंड है. इसमें 8 स्टेशनों के बीच चलने के लिए 10 ट्रेन आएंगी.





