
UP में ठंड का कहर…सीएम योगी के आदेश पर 12वीं तक के सभी स्कूल बंद
UP schools closed: यूपी में शीतलहर और भीषण कोहरे की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12वीं तक के स्कूलों को बंद करने का निर्देश दिया है। इसे देखते हुए शिक्षा विभाग ने भी देर रात आदेश जारी कर दिया।
UP schools closed: उत्तर भारत इस समय शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में हैं. इस हाड़ कंपकंपाने वाली ठंड में घर से निकलना मुश्किल हो रहा है. घर में भी लोग ठंड का सामना करने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं. दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में ठंड की यही स्थिति है. ऐसे में यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 12वीं तक के सभी स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है. सीएम योगी के इस आदेश से ठंड से ठिठुर रहे बच्चों ने राहत की सांस जरूर ली होगी.
ठंड में बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि
कड़ाके की ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कई कड़े कदम उठाए हैं. सीएम ने प्रदेश के सभी बोर्डों (ICSE, CBSE और यूपी बोर्ड) के कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि शीतलहर के दौरान बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. स्कूली छात्रों को इस कड़कड़ाती ठंड में सीएम योगी को ये तोहफा कहें, तो गलत नहीं होगा.
मुख्यमंत्री का सख्त निर्देश: लापरवाही न हो
वहीं, इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों (DMs) को स्पष्ट निर्देश दिया है कि शीतलहर के दौरान किसी भी स्कूल को न खोला जाए। यदि कोई विद्यालय आदेश का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसकी मान्यता रद्द करने तक की कार्रवाई की जा सकती है। इसके साथ ही सीएम ने रैन बसेरों में पुख्ता इंतजाम करने और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने के काम में तेजी लाने को कहा है।
शिक्षा निदेशक (बेसिक) प्रताप सिंह बघेल ने आदेश जारी करते हुए कहा कि मौसम विभाग ने प्रदेश में शीतलहर और भीषण कोहरे का अनुमान जताया है। इसे देखते हुए कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूलों को 29 दिसंबर सोमवार से 1 जनवरी गुरुवार तक अवकाश घोषित किया जाता है। यह भी कहा कि यह आदेश यूपी बोर्ड के साथ ही सभी बोर्ड सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) और सहायता प्राप्त सभी निजी व सरकारी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा।





