लखनऊ के राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के पास दिल दहला देने वाली घटना; सैकड़ों भेड़ों की मौत…

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में पीएम के कार्यक्रम के बाद फेंके गए सड़े खाने से 100 से अधिक भेड़ों की मौत। गरीब पशुपालक बर्बाद, प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल।

Lucknow News: यूपी की राजधानी लखनऊ के राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि हाल ही में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम के बाद बचा हुआ भोजन पार्किंग क्षेत्र में फेंक दिया गया, जिसे चराई के दौरान भेड़ों ने खा लिया। कथित तौर पर दूषित खाना खाने से 100 से अधिक भेड़ों की मौत हो गई। हालांकि, फिलहाल प्रशासन की ओर से इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कार्यक्रम के बाद फैले कचरे से 100+ भेड़ों की मौत

आरोप है कि दूषित और सड़ा हुआ भोजन खाने के कारण 100 से अधिक भेड़ों की मौत हो गई। जैसे ही यह खबर फैली, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्किंग स्थल पर साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई थी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद न तो बचे हुए खाने को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया और न ही क्षेत्र को तुरंत साफ किया गया। इसी लापरवाही का खामियाजा गरीब पशुपालक को भुगतना पड़ा, जिनकी आजीविका पूरी तरह भेड़ों पर निर्भर थी।

सफाई व्यवस्था पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पार्किंग एरिया में कचरा और बचा हुआ भोजन खुले में पड़ा रहा, जिसे न तो सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया और न ही समय पर सफाई कराई गई। इस लापरवाही का सबसे बड़ा खामियाजा उस पशुपालक को उठाना पड़ा, जिसकी आजीविका पूरी तरह भेड़ों पर निर्भर थी।

“एक ही झटके में सब खत्म हो गया”- बेसहारा पशुपालक

पीड़ित पशुपालक का दर्द वीडियो में साफ झलकता है। वह रोते हुए कहता है-“हम बर्बाद हो गए साहब… ये भी मर गई, वो भी मर गई… हमारी सुनने वाला कोई नहीं।” उसने प्रशासन से मुआवजे की मांग और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।

सिर्फ पीड़ित का बयान और वीडियो सामने

अब तक इस घटना पर किसी सरकारी विभाग या अधिकारी की ओर से बयान जारी नहीं हुआ है। खबर पीड़ित के बयान और सामने आए वीडियो फुटेज पर आधारित है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद भी मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। यह मामला कई गंभीर सवाल खड़े करता है. क्या बड़े कार्यक्रमों में ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था होती है? क्या ऐसी लापरवाही से निर्दोष पशु और गरीब परिवार यूं ही उजड़ते रहेंगे?

घटना की आधिकारिक पुष्टि और प्रशासनिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। जैसे ही अपडेट मिलेगा, रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।

Back to top button