New Year 2026 से लागू हो सकता है 8वां वेतन आयोग, सैलरी 35% तक बढ़ने की उम्मीद

8th Pay Commission: साल 2025 अब समाप्ति की ओर है और महज दो दिन बाद New Year 2026 की शुरुआत हो जाएगी। नए साल के आगमन के साथ ही जहां आम लोगों की जिंदगी से जुड़े कई नियमों में बदलाव होने जा रहा है, वहीं केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 2026 राहत और उम्मीदों से भरा साल साबित हो सकता है। इसकी सबसे बड़ी वजह है 8वां वेतन आयोग (8th Pay Commission), जिसे 1 जनवरी 2026 से लागू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल लागू 7वां वेतन आयोग 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा पहले ही स्वीकृत 8वें वेतन आयोग को नए साल के साथ लागू किए जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि सरकार की ओर से अब तक आयोग की अंतिम सिफारिशें सार्वजनिक नहीं की गई हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स के आकलन के आधार पर संभावित बदलावों की तस्वीर सामने आने लगी है।

8वें वेतन आयोग से कितना बढ़ेगा वेतन?
केंद्रीय कर्मचारियों की सबसे बड़ी जिज्ञासा यही है कि नए वेतन आयोग से उनकी सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह बढ़ोतरी देश की आर्थिक स्थिति, महंगाई दर, राजकोषीय संतुलन और Fitment Factor जैसे अहम पहलुओं पर निर्भर करेगी।

कर्मा मैनेजमेंट ग्लोबल कंसल्टिंग सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के एमडी प्रतीक वैद्य के अनुसार, पिछले वेतन आयोगों के ट्रेंड को देखें तो—

  • 6वें वेतन आयोग में औसतन करीब 40% वेतन वृद्धि हुई थी
  • 7वें वेतन आयोग में यह बढ़ोतरी 23–25% के आसपास रही
  • 8वें वेतन आयोग में शुरुआती अनुमानों के अनुसार 20% से 35% तक Salary Hike संभव है

विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार Fitment Factor 2.4 से 3.0 के बीच तय किया जा सकता है, जिससे कर्मचारियों के मूल वेतन में उल्लेखनीय इजाफा देखने को मिलेगा।

DA और DR में क्या होगा बदलाव?
वेतन वृद्धि के साथ-साथ महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) भी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बेहद अहम मुद्दा है। आमतौर पर सरकार साल में दो बार DA में संशोधन करती है ताकि बढ़ती महंगाई का असर कर्मचारियों पर कम पड़े।

नया वेतन आयोग लागू होने पर मौजूदा DA को मूल वेतन में समायोजित (Merge) कर दिया जाता है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि 8th Pay Commission के तहत DA की गणना को 2026 के आसपास की महंगाई दर को ध्यान में रखते हुए नए सिरे से तय किया जाएगा। इसका सीधा असर कर्मचारियों की Take Home Salary पर पड़ेगा और भविष्य में मिलने वाली DA बढ़ोतरी भी नए बेस पर तय होगी।

एरियर को लेकर क्या है स्थिति?
जब भी नया वेतन आयोग लागू होता है, तो कर्मचारियों को सबसे ज्यादा इंतजार एरियर (बकाया राशि) का रहता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस बार भी एरियर की गणना उसी तर्ज पर होगी, जैसी पिछली बार हुई थी।

GenZCFO के फाउंडर और चार्टर्ड अकाउंटेंट मनीष मिश्रा के अनुसार, 8वें वेतन आयोग के तहत एरियर की गणना 1 जनवरी 2026 से की जाएगी। भले ही सरकार द्वारा भुगतान बाद में किया जाए, लेकिन कर्मचारियों को बकाया राशि लागू तिथि से ही मिलेगी। सरकार एरियर का भुगतान एकमुश्त या चरणबद्ध तरीके से कर सकती है।

यह भी पढ़ें…

‘निष्क्रिय’ हो जाएगा आपका पैन कार्ड? बैंक खाते पर पड़ सकता है असर…जाने वजह

कब खातों में आएगा बढ़ा हुआ वेतन?
हालांकि माना जा रहा है कि 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हो सकता है, लेकिन वास्तविक वेतन संशोधन और एरियर का भुगतान मिलने में कुछ समय लग सकता है।

प्रतीक वैद्य बताते हैं कि 7वें वेतन आयोग के दौरान भी जनवरी 2016 से आयोग लागू मान लिया गया था, लेकिन कैबिनेट की मंजूरी उसी साल जून में मिली थी। इसके बाद एरियर का भुगतान कर्मचारियों को अगले कुछ महीनों में किया गया था। ऐसे में इस बार भी केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को कुछ इंतजार के लिए तैयार रहना चाहिए।

यह भी पढ़ें…

अल्पसंख्यक हिंसा पर ओवैसी का दो टूक… बांग्लादेश ही नहीं, भारत में भी चिंता का माहौल

केंद्रीय कर्मचारियों की बढ़ीं उम्मीदें
8वें वेतन आयोग को लेकर देशभर के केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स नए साल से बड़ी राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं। बढ़ती महंगाई, आवास, स्वास्थ्य और शिक्षा खर्चों के बीच यह वेतन आयोग उनके लिए आर्थिक संबल साबित हो सकता है।

हालांकि अंतिम फैसला केंद्र सरकार को लेना है और सभी अनुमान सरकार की आधिकारिक घोषणा पर निर्भर करेंगे। जब तक सिफारिशें सार्वजनिक नहीं होतीं, तब तक कर्मचारियों को धैर्य बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।

यह भी पढ़ें…

Aravali Case: सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले पर लगाई रोक, केंद्र समेत राज्‍यों को जारी किया नोटिस

Back to top button