
UP News: लखनऊ में धनंजय सिंह के खिलाफ FIR, SHO लाइन हाजिर; जानिए मामला
Lucknow News: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में पूर्व सांसद धनंजय सिंह, जौनपुर के ब्लॉक प्रमुख विनय सिंह और उसके सरकारी गनर पर एफआईआर दर्ज हुई है. कॉलोनी के लोगों की शिकायत पर कार्रवाई हुई है.
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मंगलवार को FIR दर्ज करवाई गई। उन पर स्वास्तिक सिटी के लोगों को धमकाने, उनके रिश्तेदार ब्लॉक प्रमुख एवं गनर पर रोड पर अवैध कब्जा करने और मारपीट करने का आरोप है। मामले में एकतरफा कार्रवाई करने पर सुशांत गोल्फ सिटी के थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इससे पहले ब्लॉक प्रमुख की तहरीर पर सोमवार को कॉलोनीवासियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है।
दरअसल, अहिमामऊ स्थित स्वास्तिक सिटी में जौनपुर निवासी विनय सिंह की पत्नी मांडवी का प्लॉट है। यहां निर्माण कार्य चल रहा है।
कई धाराओं में केस हुआ दर्ज
इस मामले में सुशांत गोल्फ सिटी थाने में कॉलोनी निवासियों की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है. आरोपियों में विनय सिंह, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, उनके सरकारी गनर और 8-9 अन्य लोग शामिल हैं. इन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 352, 351(3), 127(1), 131, 74 के अलावा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द) और 3(1)(ध) लगाई गई हैं। ये धाराएं धमकी, आपराधिक साजिश, अत्याचार और रंगदारी जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ी हैं.
विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
सोमवार को विनय सिंह ने अपने प्लॉट के पास स्थित 20 फीट के सार्वजनिक रास्ते पर दीवार बनवा दी. कॉलोनी के नक्शे और विनय सिंह की प्लॉट रजिस्ट्री में यह रास्ता स्पष्ट रूप से दर्ज है, जो अन्य निवासियों के लिए मुख्य आवागमन का मार्ग है. जब कॉलोनी वासियों ने विरोध किया तो बहस हुई. आरोप है कि विनय सिंह ने हथियारबंद साथियों के साथ निवासियों को धमकाया और धनंजय सिंह का नाम लेकर दबाव डाला. बहस बिगड़ने पर निवासियों ने दीवार गिरा दी. इसके बाद थाने पहुंचे निवासियों की शिकायत पर कार्रवाई के बजाय तत्कालीन थानाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने विनय सिंह की तहरीर पर उल्टा कॉलोनी वासियों पर ही मामला दर्ज कर लिया.
पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया
एफआईआर में यह भी दर्ज है कि विनय सिंह ने कहा था कि जिसे चाहूंगा जान से मरवा दूंगा. कॉलोनी के लोग, खासकर महिलाएं और बच्चे इस घटना से डरे और सहमे हुए हैं. शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी कॉलोनी की महिलाओं पर छीटाकशी करते थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
धनंजय सिंह का कनेक्शन
चर्चा है कि विनय सिंह पूर्व सांसद धनंजय सिंह के करीबी हैं. धनंजय सिंह भी स्वस्तिका सिटी में ही रहते हैं. उनकी कोठी के सामने कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी मामले में जेल गए बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह की आलीशान हवेली है. यह कॉलोनी पहले भी विवादों में रही है. धनंजय सिंह का आपराधिक इतिहास लंबा है. उन पर अपहरण, रंगदारी और अन्य गंभीर मामले दर्ज हैं.
यह घटना लखनऊ पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाती है। फिलहाल जांच जारी है और आरोपी पक्ष की तलाश चल रही है. कॉलोनी निवासियों का कहना है कि यह मामला आम लोगों बनाम दबंगों की लड़ाई का प्रतीक बन गया है.





