UP News: इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती फिर विवादों में, महिला साथी के पति ने किया हंगामा

Shadab Jakati News: ’10 रुपये का बिस्कुट कितने का है जी’ फेम शादाब जकाती एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. इस बार उनकी महिला सहकर्मी के पति ने उनपर संगीन आरोप जड़ दिए हैं.

Shadab Jakati News: ‘‘दस रुपये वाला बिस्कुट कितने का है’ से चर्चा में आए यूट्यूबर शादाब जकाती के साथ वीडियो में काम करने वाली महिला के पति ने इंचौली थाने में हंगामा कर दिया। युवक ने अपनी पत्नी पर उसे मारने की साजिश रचने की बात कहते हुए जकाती पर भी कई आरोप लगाए हैं। उसने थाने में रोते हुए खुद की और बच्चों के लिए सुरक्षा की मांग की। उधर, महिला ने आरोपों को गलत बताते हुए पति पर ही मारपीट के आरोप लगाए हैं।

खुर्शीद ने रोते हुए लगाए ये आरोप

मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र के रहने वाले शादाब जकाती यूट्यूब पर वीडियो बनाते हैं. उनके साथ एक महिला सहकर्मी भी काम करती है. बुधवार को महिला के पति खुर्शीद उर्फ सोनू ने थाने पहुंचकर हंगामा किया. खुर्शीद का आरोप है कि उसकी पत्नी इरम यूट्यूबर शादाब के साथ वीडियो बनाने के लिए कई कई दिनों तक घर से बाहर रहती है.

खुर्शीद ने रोते हुए कहा कि ‘मेरी पत्नी शादाब के कहने पर मुझे जान से मारने की साजिश रच रही है. वह तीन-चार दिन के लिए देहरादून चली जाती है और मना करने पर मुझे गालियां और तलाक की धमकी देती है. मैं हार्ट का मरीज हूं, मुझे और मेरे बच्चों को बचा लीजिए.’ खुर्शीद ने पत्नी के चरित्र पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं.

पत्नी ने लगाए मारपीट के आरोप

विवाद बढ़ता देख खुर्शीद की पत्नी इरम ने भी अपना पक्ष रखते हुए एक वीडियो जारी किया है. इरम ने पति के सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि खुर्शीद उसके साथ मारपीट करता है और पैसों की मांग करता है. इरम ने कहा कि ‘मैं अपने चार बच्चों का पेट पालने के लिए शादाब के साथ काम करती हूं.

शादाब निर्दोष है और वह कोई जबरदस्ती नहीं करता. मैं अपनी मर्जी से काम पर जाती हूं. इरम ने यह भी दावा किया कि वह अब खुर्शीद से अलग होना चाहती है और तलाक की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.’

पुलिस के पास दोनों पक्ष, जांच जारी

इस पूरे मामले में इंचौली थाना प्रभारी ने बताया कि महिला ने थाने में आकर अपने बयान दर्ज कराए हैं. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. फिलहाल दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और तथ्यों की पड़ताल की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है.

Back to top button