
यूपी में शीतलहर का कहर; शिमला टक्कर दे रहा बाराबंकी; 35 जिलों में अलर्ट
UP Cold Wave Alert: यूपी में पड़ रही कड़ाके की सर्दी के बीच बारिश की एंट्री ने ठंड-गलन को और बढ़ा दिया है. प्रदेश के ज्यादातर जिलों में उत्तरी पश्चिमी हवाएं चल रहीं हैं, जो कि अपने साथ ठंडक लेकर आ रही हैं. बारिश और हवाओं के चलने से ठंडक में अधिक वृद्धि हुई है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को आगरा व अलीगढ़ में हल्की बारिश हुई.
बाराबंकी शिमला से भी ज्यादा ठंडा रहा. बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस, जबकि शिमला 4.0 डिग्री से. पारा दर्ज किया गया. इसके अलावा गोरखपुर में भी न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया.
1 जनवरी को जहां उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आसमान साफ रहा और धूप खिलने से कोल्ड डे कंडीशन से राहत मिली, वहीं 2 जनवरी को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में घना व घना से अधिक घना कोहरा छाया हुआ है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में परिवर्तन जारी है.
आगामी दिनों में शीतलहर चलने की संभावना बनी हुई है. इस बार शीतलहर के दिनों की संख्या में वृद्धि होगी. इसके साथ ही 35 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया है.
आज ऐसा रहेगा मौसम: राजधानी में गुरुवार सुबह के समय 6 से लेकर 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तरी पश्चिमी ठंडी हवाएं चलती रहीं. जिससे सुबह के समय कोहरा नहीं दिखा. वहीं, सुबह करीब 7 बजे से हल्की धूप खिलने लगी, जो कि दिन के समय तेज हो गई, इससे लोगों को पिछले कई दिनों पड़ रही भीषण ठंड से राहत मिली.
गुरुवार को दिन भर धूप खिली रही और शाम को फिर से उत्तरी पश्चिमी ठंडी हवाएं चलीं. अधिकतम तापमान में बुधवार के मुकाबले 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य है. वहीं न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है.
घना कोहरा: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को सुबह-शाम के समय घना कोहरा छाया रहेगा. दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बाराबंकी सबसे ठंडा : गुरुवार को उत्तर प्रदेश का बाराबंकी सबसे ठंडा जिला रहा, जहां पर न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम है. वही सबसे अधिक अधिकतम तापमान सोनभद्र जिले में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य है.
सताएगी शीतलहर: मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि जनवरी माह के दौरान प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने से शीतलहर के दिनों की संख्या में प्रभावी वृद्धि होने की संभावना है. दिसम्बर-2025 के दौरान प्रशांत महासागर में ला-नीना परिस्थितियों के साथ प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता बहुत कम रहने से शुष्क मौसम, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश का औसत मासिक अधिकतम तापमान सामान्य से 2-4°C कम 18-22°C रहा.





