Magh Mela 2026: पौष पूर्णिमा पर माघ मेला शुरू, जानें पवित्र स्नान की सभी तारीखें

Magh Mela 2026: माघ मेले की शुरुआत पौष पूर्णिमा से होती है और इसका समापन महाशिवरात्रि के दिन होता है. माघ मास में संगम में स्नान करने से व्यक्ति के सभी पाप नष्ट होते हैं.

Prayagraj Magh Mela 2026 : प्रयागराज में माघ मेला 2026 का शुभारंभ होते ही संगम तट पर आस्था का महासंगम देखने को मिला। पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर पहले मुख्य स्नान के साथ ही इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन की औपचारिक शुरुआत हो गई। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। तड़के सुबह से ही संगम घाटों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और हर ओर “हर-हर गंगे” के जयघोष गूंजते रहे।

पौष पूर्णिमा का स्नान समय

पौष पूर्णिमा शुक्रवार शाम 6 बजकर 12 मिनट से शुरू हुई और शनिवार शाम 4 बजकर 3 मिनट तक रहेगी। तीर्थ पुरोहित राजेंद्र पालीवाल के अनुसार स्नान का यही सबसे शुभ समय है। उदयातिथि के कारण शनिवार को पूरे दिन स्नान का विशेष महत्व रहेगा।

माघ मेले की प्रमुख स्नान तिथियां

माघ मेले के दौरान कई महत्वपूर्ण स्नान पर्व आते हैं—

3 जनवरी – पौष पूर्णिमा (कल्पवास आरंभ)

14 जनवरी – मकर संक्रांति

21 जनवरी – मौनी अमावस्या (राजयोग स्नान)

30 जनवरी – बसंत पंचमी

5 फरवरी – माघी पूर्णिमा

15 फरवरी – महाशिवरात्रि (कल्पवास समापन)

आस्था और संस्कृति का महापर्व

माघ मेला भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत स्वरूप है.यहां संतों के प्रवचन, यज्ञ, भजन-कीर्तन और धार्मिक चर्चाओं से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर जाता है

30 एंबुलेंस और अस्पताल तैयार

पहले स्नान पर्व पर स्वास्थ्य विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। आकस्मिक स्थिति के लिए मेला में 20 एंबुलेंस (108) और 10 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस तैनात की गई हैं। संगम नोज पर एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। मेल क्षेत्र में दो बड़े अस्पताल (20-20 बेड) और सभी सेक्टरों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयां और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। एलोपैथिक के अलावा चार आयुर्वेदिक अस्पतालों में भी मरीजों का इलाज होगा।

सीएमओ डॉ. एके तिवारी ने बताया कि सभी अस्पतालों में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है। मेला क्षेत्र के अलावा एसआरएन, बेली और कॉल्विन अस्पतालों में भी मरीजों के लिए बेड आरक्षित हैं। ट्रामा सेंटर में अतिरिक्त डॉक्टर और फार्मासिस्ट की व्यवस्था की गई है।

Back to top button