UP News: लखनऊ में शर्मनाक हरकत, इमामबाड़े की मशहूर भूलभुलैया में युवक ने की पेशाब…

Lucknow Bara Imambara Outrage: लखनऊ के ऐतिहासिक बड़े इमामबाड़े की भूलभुलैया में युवक द्वारा पेशाब करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद चौक कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है।

Lucknow Bara Imambara Sparks Outrage:  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बड़े इमामबाड़े में हाल ही में सामने आई एक शर्मनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। बड़े इमामबाड़े की मशहूर भूलभुलैया के अंदर एक युवक द्वारा पेशाब करने का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है। शिया समुदाय के इस पवित्र स्थल की गरिमा भंग होने पर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। हुसैनाबाद ट्रस्ट की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ, जो साल 2026 की पहली एफआईआर है।

नया साल और चौक थाने की पहली FIR

वीडियो वायरल होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद ट्रस्ट के सहायक कार्यालय अधीक्षक ने तुरंत चौक कोतवाली में लिखित शिकायत दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.पुलिस ने धार्मिक पवित्रता भंग करने और सार्वजनिक शालीनता को ठेस पहुंचाने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है.

CCTV से आरोपी की तलाश

पुलिस अब तकनीक का सहारा लेकर आरोपी युवक की कुंडली खंगाल रही है. इमामबाड़े के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों और जिस सोशल मीडिया अकाउंट से यह वीडियो पहली बार शेयर किया गया, उसकी बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह वीडियो हाल-फिलहाल का है या पुराना. साथ ही इमामबाड़े की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है कि आखिर सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद युवक ऐसी घिनौनी हरकत करने में कैसे कामयाब रहा.

बड़ा इमामबाड़ा लखनऊ की पहचान

बड़ा इमामबाड़ा न केवल लखनऊ की पहचान है, बल्कि यह भारत की ऐतिहासिक विरासत का भी अहम हिस्सा है। इसका निर्माण 18वीं शताब्दी में अवध के नवाब आसफ़-उद-दौला ने कराया था। यह इमारत अपनी अद्भुत वास्तुकला, विशाल हॉल और जटिल भूल-भुलैया के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। हर साल लाखों पर्यटक और श्रद्धालु यहां दर्शन और भ्रमण के लिए आते हैं। ऐसे पवित्र और ऐतिहासिक स्थल पर इस तरह की हरकत ने समाज में गहरी नाराजगी पैदा कर दी है।

Back to top button