नगर निगम की लापरवाही से बना अवैध कूड़ा डंपिंग ज़ोन, दुर्गंध और प्रदूषण से परेशान निवासी

Lucknow News: नगर निगम की लापरवाही से लखनऊ के वृंदावन योजना सेक्टर 16 में नहर किनारे अवैध कूड़ा डंपिंग ज़ोन बन गया है। पिछले दो साल से लगातार कूड़ा डाले जाने से पूरे इलाके में दुर्गंध और जहरीली हवा फैल रही है।

Lucknow News: लखनऊ के वृंदावन योजना सेक्टर-16 में नहर किनारे नगर निगम की लापरवाही के कारण अवैध कूड़ा डंपिंग ज़ोन बन गया है। पिछले दो वर्षों से यहां डंपरों के माध्यम से लगातार कूड़ा डाला जा रहा है, जिसके चलते पूरे इलाके में तेज दुर्गंध और जहरीली हवा फैल रही है। लोगों का कहना है कि दमघोंटू माहौल के बीच रहना उनकी मजबूरी बन गया है। स्थानीय निवासी घुटन भरी जिंदगी जीने को मजबूर हैं और कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

नहर किनारे एक किलोमीटर तक फैला कूड़ा

रिहायशी क्षेत्र के पास सड़क और नहर किनारे लगभग एक किलोमीटर तक कूड़े के ढेर फैले हुए हैं। इसके कारण न सिर्फ आसपास रहने वाले परिवार बल्कि यहां से गुजरने वाले राहगीर भी बदबू और प्रदूषण से परेशान हैं। निवासियों का आरोप है कि नगर निगम के डंपर रोजाना कूड़ा गिराकर चले जाते हैं, लेकिन साफ-सफाई नहीं की जाती।

कई बार शिकायत, फिर भी कार्रवाई शून्य

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की गई, पर हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। कूड़ा डंपिंग बंद करने की बात कही गई, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बीमारियों का खतरा 

निवासियों ने चेतावनी दी है कि लगातार बढ़ते कूड़े और प्रदूषण से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ रहा है। क्षेत्र में स्थित एक बड़े मंदिर में रोज सैकड़ों श्रद्धालु आते हैं, जो भी बदबू और गंदगी से परेशान हैं। लोगों ने जल्द से जल्द कूड़ा डंपिंग रोकने, सफाई अभियान चलाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Back to top button