UP News: मां की हत्या करके बेटी उठा ले गया दबंग, भड़के लोगों ने एंबुलेंस तोड़ी

UP News: यूपी के मेरठ में दबंग कंपाउंडर ने एक दलित महिला की हत्या कर दी। फिर उसकी बेटी को उठा ले गया। आरोपी राजपूत है। इस वारदात के बाद तनाव फैल गया।

UP News: मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र स्थित कपसाड गांव में पारस राजपूत नामक युवक ने एक दलित महिला की हत्या कर दी और उसकी बेटी का अपहरण कर लिया. आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर महिला को मौत के घाट उतारा जब वह अपनी बेटी के साथ खेत जा रही थी. पुलिस ने मुख्य आरोपी पारस और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पांच टीमें गठित की हैं. यह घटना पुरानी जान-पहचान और विरोध के कारण अंजाम दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया है.

गांव के पारस ने अपने साथियों संग किया था हमला

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एक महिला अपनी बेटी के साथ खेत पर जा रही थी. आरोप है कि तभी गांव का ही रहने वाला पारस अपने साथियों के साथ वहां आ धमका. आरोपियों ने हथियारों के बल पर अनुसूचित जाति की उस लड़की को किडनैप कर लिया. जब मां ने अपनी बेटी को बचाने की कोशिश की और बदमाशों का विरोध किया तो उन पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया. मां को लहूलुहान हालत में छोड़कर आरोपी लड़की को लेकर फरार हो गए. बताया जा रहा है कि आरोपी पारस गांव का दबंग है.

अस्पताल में हंगामा और भारी पुलिस बल

महिला की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने एम्बुलेंस में तोड़फोड़ की और शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया. ग्रामीणों की मांग थी कि जब तक लड़की की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं होगा.

घंटों चले हंगामे और भीम आर्मी के विरोध के बाद, वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए. फिलहाल गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. हालात काबू में हैं.

Back to top button