
UP Tourism: यूपी टूरिज्म का गेमचेंजर प्लान, अब पर्यटन से होगी सीधी कमाई
UP Tourism: उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग 14 से 30 जनवरी तक होम स्टे और ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट योजना के लिए जागरूकता अभियान चलाएगा। इसका उद्देश्य पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करना और योग्य आवेदकों को तत्काल पंजीकरण प्रमाणपत्र देना है।
UP Tourism: उत्तर प्रदेश सरकार ने 14 से 30 जनवरी 2026 तक होम-स्टे और ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट योजना को लोकप्रिय बनाने एवं स्थानीय नागरिकों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के माध्यम से पर्यटन विभाग का लक्ष्य प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करना, योग्य आवेदकों को तुरंत पंजीकरण प्रमाण पत्र (Registration Certificate) प्रदान करना तथा स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रति जिले 2 लाख रुपये का बजट आवंटित
पर्यटन विभाग ने इस अभियान के लिए प्रति जिले 2 लाख रुपये का बजट आवंटित किया है, जिसे प्रचार-प्रसार, जागरूकता कार्यक्रम और आवश्यक सामग्री पर खर्च किया जाएगा। अभियान के दौरान विभागीय टीमें सभी जिलों में पर्यटन स्थलों के समीप लोगों को योजना के लाभ, पंजीकरण प्रक्रिया और लाभकारी प्रावधानों के बारे में जागरूक करेंगी तथा लंबित प्रस्तावों की समीक्षा कर योग्य आवेदकों को प्रमाण पत्र जारी करेंगी।
इन शहरों पर रहेगा फोकस
योजना खासकर मथुरा, वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज और अयोध्या जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर केंद्रित होगी, जहां तेजी से बढ़ते पर्यटक आगमन का स्थानीय अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।
यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पर्यटन विकास दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसमें न केवल प्रदेश को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की कोशिश की जा रही है बल्कि स्थानीय निवासियों को आर्थिक रूप से सशक्त करने पर भी बल दिया जा रहा है।
होम-स्टे और ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट योजना
होम-स्टे और ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट योजना, प्रदेश के लोगों को अपने घरों को पर्यटकों के लिए ठहरने योग्य सुविधाओं में बदलने का अवसर देती है, जिसमें पर्यटक स्थानीय संस्कृति का अनुभव प्राप्त करते हैं और घर का भोजन तथा आतिथ्य सेवा का लाभ उठाते हैं। यह न सिर्फ पर्यटकों के लिए आकर्षण बढ़ाता है बल्कि स्थानीय परिवारों के लिए स्थायी आय का स्रोत भी बनता है।
ये भी पढ़े- KGMU में हिंसा और हंगामे के बाद CM Yogi ने अपर्णा यादव को तलब किया





