UP news: मंत्री अनिल राजभर ने ओपी राजभर पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, समर्थक भड़के

Anil Rajbhar- OP Rajbhar: वाराणसी में महाराजा सुहेलदेव की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने ओमप्रकाश राजभर पर तंज कसे. अनिल राजभर ने मंच से ओमप्रकाश के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे कार्यक्रम में मौजूद ओमप्रकाश के समर्थक भड़क उठे.

इस प्रकरण पर जिला अध्यक्ष सुभासपा उमेश राजभर ने अनिल राजभर से माफी मांगने के लिए कहा है. साथ ही कहा है कि वे इस मामले में केस दर्ज कराएंगे. बता दें कि अनिल राजभर के भाषण का एक वीडियो भी वायरल हुआ है.

शुक्रवार को महाराजा सुहेलदेव की जयंती के मौके पर सारनाथ में सुहेलदेव प्रतिमा के पास एक आयोजन था. जिसमें ओमप्रकाश राजभर के समर्थक भी मौजूद थे. अनिल राजभर मंच से भाषण दे रहे थे. इसी दौरान नारेबाजी होने लगी. जिसके बाद अनिल राजभर ने मंच से ओपी राजभर और उनके समर्थकों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया. योगी सरकार में अनिल राजभर श्रम और सेवायोजन मंत्री हैं.

इस दौरान मंत्री ने अपने समर्थकों से कहा कि नारेबाजी करने वालों को बाहर निकालो. समर्थकों ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं को बाहर करना शुरू कर दिया. इससे माहौल बिगड़ गया. धक्कामुक्की और नोंकझोंक भी हुई.

इस प्रकरण पर सुभासपा जिला अध्यक्ष उमेश राजभर का कहना है कि वे एफआईआर दर्ज करवाएंगे.जब तक अनिल राजभर माफी नहीं मांगेंगे, तब तक हम शांत नहीं होंगे. बता दें कि राजभर की सुभासपा और भाजपा के बीच यूपी में गठबंधन है. ओपी राजभर कैबिनेट मंत्री में हैं. ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था. ओपी राजभर ने अनिल राजभर को हराने के लिए अपने बेटे अरविंद राजभर को वाराणसी के शिवपुरी से मैदान में उतारा था.

Back to top button